शामली में शादी से एक दिन पहले युवती प्रेमी संग फरार, छोटी बहन ने दूल्हे संग लिए फेरे...
कांधला (शामली)। शादी से एक दिन वहले युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। स्वजन ने काफी तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद दूल्हे पक्ष को जानकारी दी गई। दोनों पक्षों की बातचीत हुई, जिसमें तय हुआ कि युवती की छोटी बहन से शादी कर दी जाए। इसके बाद तय तिथि पर दूल्हे ने छोटी बहन के साथ फेरे लिए। वहीं, पुलिस युवती और युवक को तलाश कर रही है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी हरियाणा निवासी युवक के साथ तय हुई थी। युवती की बरात 10 मई को आनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। मेहमान भी घर पहुंचने शुरू हो गए थे। नौ मई को युवती घर से लापता हो गई। बाद में स्वजन को जानकारी मिली कि युवती थाना थानाभवन क्षेत्र के गांव यारपुर निवासी अंशुल के साथ चली गई है।
उन्होंने मामले की जानकारी हरियाणा निवासी रिश्तेदारों और दूल्हे पक्ष को दी। दोनों पक्षों की बातचीत हुई। इसके बाद तय हुआ कि युवती की छोटी बहन से शादी कर दी जाएगी। इस पर दूल्हा पक्ष भी राजी हो गया। रविवार को हरियाणा निवासी युवक बरात लेकर पहुंचा।
स्वजन ने छोटी बेटी का विवाह उसके साथ कर दिया। इसके बाद पिता ने बेटी को ले जाने वाले आरोपित युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।