Headlines
Loading...
वाराणसी में सुबह तेज आंधी वह बरसात के बीच कई उखड़े पेड़ तो कहीं बरसात ने दी दुश्‍वारी, जल जमाव से ट्रामा सेंटर के पास नरकीय स्थिति...

वाराणसी में सुबह तेज आंधी वह बरसात के बीच कई उखड़े पेड़ तो कहीं बरसात ने दी दुश्‍वारी, जल जमाव से ट्रामा सेंटर के पास नरकीय स्थिति...

वाराणसी। पुरवा और पछुआ हवाओं की युति से बने तूफानी चक्रवात के चलते शुक्रवार की भोर में 5:00 बजे 75 किलोमीटर प्रति घंटा के वेग से आंधी चली और तेज गरज चमक के साथ बादलों ने आधे घंटे तक लगातार जोरदार वर्षा की।बाबतपुर क्षेत्र में 29 मिलीलीटर तथा बीएचयू क्षेत्र में 15 मिमी पानी गिरा। इसकी वजह से सुबह चार बजे के बाद तापमान ने भी पर्याप्‍त गोता लगाया और वातावरण सुबह ठंडा हो गया। वातावरण में ठंडक घुलने के बाद द‍िन चढ़ा तो भी गर्मी और लू के थपेड़ों का अहसास नहीं हुआ।

आंधी के चलते शहर में बनकटी हनुमान मंदिर सहित कई स्थानों पर पेड़ टूट कर गिर पड़े, जिसके कारण रास्ता अवरुद्ध हुआ तो वहीं तेज वर्षा के चलते निचले इलाकों में जलजमाव हो गया। इसके चलते लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। आंधी से आम की फसल को काफी नुकसान बताया जा रहा है। पकने की स्थिति में पहुंचे आम के फल आंधी के चलते टूट कर गिर पड़े जिससे उत्पादकों को काफी क्षति उठानी पड़ी है। जबक‍ि खुले में रखे अनाज भी भींगे हैं तो कहीं पर ईंटों की पथाई का काम भी प्रभाव‍ित हुआ है।

हालांक‍ि एक द‍िन पूर्व ही मौसम व‍िभाग ने अलर्ट जारी कर द‍िया था क‍ि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू हो कर, देर रात तक पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंच जाएगा। 28 मई से 31 मई तक, 6-8 डिग्री सेल्सियस के तापमान में गिरावट और राज्य के अनेक हिस्सों में आँधी-तूफान एवं ओलावृष्टि के साथ व्यापक वर्षा होगी। 29 मई को इसका प्रभाव सर्वाधिक (वायु गति 80-90 किमी/घंटा से 100 किमी/घंटा के झोकों के साथ) तक पहुंचने की संभावना है। उसी अनुरूप मौसम का रुख भी बदला और बादलों ने पर्याप्‍त बार‍िश कराई है।

बीते चौबीस घंटों में अध‍िकतम तापमान 37.8°C दर्ज क‍िया गया जो सामान्‍य से 2.9 ड‍िग्री कम रहा। न्‍यूनतम तापमान 19.6°C दर्ज क‍िया गया जो सामान्‍य से 6.8 ड‍िग्री कम रहा। आर्द्रता इस दौरान न्‍यूनतम 41% और अध‍िकतम 93% दर्ज की गई। आर्द्रता में इजाफा और तापमान में कमी ने मौसम का रुख स्‍पष्‍ट कर द‍िया है की अब प्री मानसूनी हालात बनना शुरू हो चुका है। अब आने वाले द‍िनों में मौसम का रुख बदलेगा और उमस में इजाफा तो होगा लेक‍िन तापमान में कुछ कमी होगी। लोकल हीटि‍ंंग बादलों की सक्र‍ियता बढ़ाएंगे। इसकी वजह से मौसम का रुख बेहतर होगा, हालांक‍ि गर्मी का असर भी बना रहेगा।

बरसात से ट्रामा सेंटर के मुख्य द्वार पर सड़क पर जलजमाव के कारण आवागमन में परेशानी

शुक्रवार की सुबह हुई बरसात के कारण नगवा लंका स्थित ट्रॉमा सेंटर के मुख्य द्वार के सामने सड़क पर भारी जलजमाव हो गया। जिसके कारण आवागमन में काफी परेशानी हुई। ये हाल तब है जब बरसात की शुरुआत भी नहीं हुई है। ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए पूर्वांचल और बिहार झारखंड से हजारों की संख्या में मरीज रोज़ इलाज कराने आते हैं। जिन्हें बरसात के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही जलजमाव जैसी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। जलजमाव के कारण सड़क में बने गड्ढे में बाइक और ई-रिक्शा चालक गिरकर घायल हो जाते हैं।

स्थानीय युवा नेता अमन यादव ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री द्वारा बनारस को हजारों करोड़ की योजनाओं की सौगात दी गई, लेकिन ट्रॉमा सेंटर जैसे अति महत्वपूर्ण स्थान के सामने आज तक स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं हो पाई। यह बनारस के लिए दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक स्थिति है। नगर निगम और संबंधित विभाग से अमन ने मांग की है कि ट्रामा सेंटर मुख्य द्वार पर तत्काल स्थायी जल निकासी व्यवस्था, सड़क मरम्मत और गड्ढों को भरने का कार्य कराया जाए, ताकि मरीज और उनके स्वजन तथा आम जनता को राहत मिले।