Headlines
Loading...
'जब भी संभव हो..': पीएम मोदी ने देशवासियों से प्रचंड गर्मी में दादा-दादी, नाना-नानी को लेकर की खास अपील...

'जब भी संभव हो..': पीएम मोदी ने देशवासियों से प्रचंड गर्मी में दादा-दादी, नाना-नानी को लेकर की खास अपील...

नईदिल्ली, ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में भयानक गर्मी से बचाव के लिए देशवासियों से खास अपील की है और कुछ टिप्स भी दिए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि देश के बड़े इलाके में बहुत ज्यादा तापमान को देखते हुए अधिक से अधिक सावधानी बरतें और खुद को हाइड्रेटेड रखें। उन्होंने यहां तक कहा है कि जितना संभव हो सके प्यासे को पानी जरूर पिलाएं। उन्होंने गर्मी में परिवार के बुजुर्गों का खास ध्यान रखने का अनुरोध भी किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के ज्यादातार हिस्सों में अधिक तापमान को देखते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों तक अपनी बात पहुंचाई है और इसकी चपेट में आने से बचने के लिए सभी सावधानी बरतने का अनुरोध किया है। पीएम मोदी ने एक के बाद एक कई एक्स पोस्ट किए हैं।
'जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें'

पीएम मोदी ने लिखा है, "देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है... और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं...मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें। ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है।"

'सतर्कता और देखभाल किसी का जीवन बचा सकती है'

पीएम मोदी ने भयानक गर्मी से बचाव के लिए देशवासियों को कई सारे सुझाव दिए हैं-
* उनके अनुसार अत्यधिक गर्मी से होने वाली परेशानी, जैसे चक्कर आना, मतली या ज्यादा थकान लगे तो उसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें।
* उन्होंने कहा कि आपके आसपास किसी व्यक्ति को अचानक बेहोशी जैसा लगे, कमजोरी महसूस करे या फिर अस्वस्थ दिखाई दे, तो उसे तुरंत किसी ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं।
* इसके साथ ही पीएम मोदी ने देशवासियों से यह भी अपील की है कि बेहोशी, कमजोरी या अस्वस्थता की हालत में उस व्यक्ति को पानी, ओआरएस या अन्य तरल पदार्थ दें, जिससे शरीर को राहत मिल सके।
* उनका कहना है कि बच्चे, बुज़ुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग इस भीषण गर्मी में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।
* प्रधानमंत्री ने यह चेतावनी भी दी है कि समय रहते ध्यान न देने पर यह स्थिति हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या का रूप ले सकती है। ऐसे समय में लोगों की सतर्कता और देखभाल से किसी का जीवन बच सकता है।

'प्रचंड गर्मी में पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए'

देश भर में बेहद गर्म मौसम की वजह से बहुत ही परेशानी की स्थिति बनी हुई है। इसी को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंसानों के साथ-साथ लोगों से अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी गर्मी से बचाने का आह्वान किया है। पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में इसके बारे में कहा है-

* इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए।
* उन्होंने लोगों से कहा है कि वे अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा बर्तन रख सकते हैं, जो किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है।