Headlines
Loading...
वाराणसी नगर निगम ने शिवपुर में धर्मशालाओं से अवैध कब्जा हटाया, रंगाई-पुताई और सफाई हो रही-आज से शुरू हो रही है पंचक्रोशी यात्रा...

वाराणसी नगर निगम ने शिवपुर में धर्मशालाओं से अवैध कब्जा हटाया, रंगाई-पुताई और सफाई हो रही-आज से शुरू हो रही है पंचक्रोशी यात्रा...

- अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे का अल्टीमेटम, दोबारा कब्जा करने पर एफआईआर दर्ज होने की चेतावनी

वाराणसी, 14 मई। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में पंचक्रोशी यात्रा 15 मई शुक्रवार से शुरू हो रही है। इसे देखते हुए नगर निगम पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले पड़ावों को दुरुस्त करने में गुरूवार को पूरे दिन लगा रहा। 

नगर निगम के अफसरों ने शिवपुर के रामभट्ट तालाब स्थित गोकुल धर्मशाला तथा हनुमान धर्मशालाओं को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर अपना ताला जड़ दिया। ताकि इसे ठीक कराकर श्रद्धालुओं के लिए खोला जा सके।

संयुक्त जोनल अधिकारी व वरुणापार जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद और सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ शिवपुर पहुंची। लंबे समय से इन धर्मशालाओं के कमरों पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा जमा रखा था। टीम ने न केवल कब्जा हटाया, वरन भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी भी दी। 

धर्मशाला परिसर और उसके आसपास झुग्गी-झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों को भी निगम ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्हें अपना सामान समेटने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी गई है। यदि निर्धारित समय के भीतर जगह खाली नहीं की गई, तो निगम बलपूर्वक कार्रवाई करेगा।

--कागज दिखाने में नाकाम रहे कब्जाधारी

शिवपुर के पांचों पंडवा मार्ग पर ही कई अन्य लोगों ने भी निगम की जमीन पर कब्जा कर रखा है। अभियान के दौरान जब उनसे भूमि के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सके। अधिकारियों ने उन्हें 24 घंटे का समय देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि मियाद पूरी होने के बाद बिना किसी नोटिस के बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया जाएगा। 

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, शहरी सीमा में पंचक्रोशी यात्रा मार्ग में पड़ने वाले सभी पड़ावों का सुंदरीकरण और मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है। अवैध कब्जे हटाए जाने के बाद इन धर्मशालाओं की रंगाई-पुताई और सफाई कराई जाएगी ताकि दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को रुकने में कोई असुविधा न हो।