Headlines
Loading...
वाराणसी::औरंगाबाद में ब्यूटिशियन महिला मित्र  पूनम शर्मा की हत्या के पीछे था अवैध संबंध, आज पुलिस ने आरोपी को पकड़ भेजा जेल...

वाराणसी::औरंगाबाद में ब्यूटिशियन महिला मित्र पूनम शर्मा की हत्या के पीछे था अवैध संबंध, आज पुलिस ने आरोपी को पकड़ भेजा जेल...

वाराणसी, ब्यूरो। जिले के औरंगाबाद (लक्सा) में ब्यूटिशियन महिला मित्र 35 वर्षीय पूनम शर्मा की हत्या के पीछे अवैध संबंध को लेकर शक था। लक्सा पुलिस ने आरोपी 50 वर्षीय मनोज शर्मा को शुक्रवार को हरिश्चंद्र घाट के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी ने बताया कि मना करने के बाद भी पूनम अक्सर किसी से फोन पर बात करती थी। 

एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने अपने कार्यालय में घटना का खुलासा किया। और मीडिया को बताया कि आरोपी मनोज शर्मा और पूनम के बीच 15 साल का अंतर था। वह अपने जैतपुरा के डिगिया निवासी पति किसन प्रसाद विश्वकर्मा एवं दो बच्चों को छोड़कर 2021 से मनोज शर्मा के साथ रहती थी। ब्यूटिशियन होने के कारण अक्सर ही पूनम को दूसरी जगह जाना पड़ता था। 

पुलिस पूछताछ में आरोपी मनोज शर्मा ने बताया कि पूनम अक्सर दो लोगों से फोन पर ज्यादा बात करती थी। उसे शक था कि अन्य से पूनम के संबंध हैं। मना करने के बाद भी वह नहीं मान रही थी। बताया कि नशे में आकर उसने गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पूनम का मोबाइल उसने कहीं फेंक दिया था। 

गिरफ्तारी करने वाली टीम में लक्सा थानाध्यक्ष राजू कुमार, औरंगाबाद चौकी प्रभारी प्रमोद कुशवाहा, उप निरीक्षक सुमित कुमार, अभिषेक पांडेय, शिवम यादव आदि थे।

बच्चों को साथ रखने पर भी होता था विवाद

जैतपुरा के डिगिया निवासी किसन प्रसाद विश्वकर्मा से पूनम शर्मा की शादी हुई थी। उससे एक बेटा और एक बेटी है। इधर, साल 2021 में पूनम अपने पति और बच्चों को छोड़कर मनोज के साथ रहने लगी। अक्सर बीमार रहने वाले किसन प्रसाद ने दोनों बच्चों की देखभाल के लिए राबर्ट्सगंज में अपने भाई के पास भेज दिया था। एक माह पहले किसन का निधन हो गया। इसके बाद पूनम बच्चों को अपने साथ रखने के लिए कहने लगी थी। 

औरंगाबाद में आरोपी मनोज के साथ उसका दूसरा भाई सुनील भी अपनी पत्नी के साथ एक ही मकान में किराये पर रहता था। सुनील की पत्नी ने पुलिस को बताया कि एक माह से बच्चों को साथ रखने को लेकर मनोज एवं पूनम में कई बार विवाद हुआ था। मनोज का कहना था कि बच्चे बड़े हो गए हैं, वे उसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे। इधर, पूनम को बच्चों की फिक्र होती थी, इसलिए साथ रखना चाहती थी।