वाराणसी:प्रशासन द्वारा दालमंडी में हुआत्रिस्तरीय बैरीकेडिंग, रिफलेक्टर टेप चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश भी जारी...
वाराणसी। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने दालमंडी क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए दालमंडी में त्रिस्तरीय बैरीकेडिंग, रिफलेक्टर टेप और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन क्षेत्रों, बाजारों, संवेदनशील स्थलों तथा यातायात डायवर्जन व्यवस्था का पैदल घूमकर जायजा लिया।
अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि दालमंडी क्षेत्र घनी आबादी, व्यापारिक गतिविधियों, धार्मिक-सांस्कृतिक संवेदनशीलता तथा संकरे मार्गों के कारण हमेशा से संवेदनशील माना जाता रहा है। वर्तमान में सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते मार्ग परिवर्तन, अस्थायी अवरोध और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के अनुपालन, मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतकों की व्यवस्था, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित अस्थायी मार्ग, बाजारों में भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग व्यवस्था का भी जायजा लिया।
अपर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी निर्माण स्थलों पर त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टरयुक्त टेप एवं चेतावनी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। सड़क पर मलबा न फैले, इसके लिए निर्धारित स्थलों पर ही डंपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए हाईमास्ट एवं फोकस लाइट लगाने, खुले विद्युत तारों की नियमित जांच कराने तथा रात्रि गश्त के दौरान प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने स्पष्ट एवं सुरक्षित अस्थायी कारिडोर विकसित करने तथा महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को कहा। आवश्यकता पड़ने पर पैदल और वाहन मार्ग अलग-अलग करने के भी निर्देश दिए गए।
बाजार क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष ड्यूटी प्लान लागू करने, धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा अवैध अतिक्रमण और ठेला-फेरी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर जेबकतरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।
आपातकालीन सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों हेतु वैकल्पिक मार्ग पहले से चिन्हित करने तथा थाना स्तर पर क्यूआरटी टीम को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस आयुक्त ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की सतत निगरानी करने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्य के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रहे, आमजन को न्यूनतम असुविधा हो तथा सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध श्री अतुल अंजान त्रिपाठी सहित संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।