प्रतिबंधित जानवर की न दें कुर्बानी... मुरादाबाद में ईद उल अजहा की नमाज का समय तय...
मुरादाबाद। ईद उल अजहा 28 मई को अकीदत के साथ मनाई जाएगी। त्योहार को लेकर शहर से लेकर देहात तक मस्जिदों और ईदगाहों में तैयारियां तेज हो गई हैं। नमाज के समय तय किए जा रहे हैं, वहीं साफ-सफाई, पेयजल और नमाजियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गर्मी को देखते हुए अधिकांश स्थानों पर सुबह जल्दी नमाज अदा कराने का निर्णय लिया गया है। शहर की ईदगाह में ईदुल अजहा की नमाज सुबह साढ़े सात बजे अदा की जाएगी।
नायब शहर इमाम मुफ्ती सैयद फहद अली ने बताया कि तेज गर्मी और धूप को ध्यान में रखते हुए नमाज का समय तय किया गया है। उन्होंने कहा कि नमाजियों से समय से पहुंचें। ईदगाह परिसर में सफाई कार्य शुरू करा दिया है। नमाजियों के लिए पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।
पाकबड़ा रतनपुर कलां में नमाज सुबह सात बजे होगी अदा
वहीं, पाकबड़ा क्षेत्र के रतनपुर कलां स्थित जामा मस्जिद में ईदुल अजहा को लेकर उलमा और क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से तय किया गया कि यहां नमाज सुबह सात बजे अदा कराई जाएगी।
जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती राहिद रजा मंजरी ने कहा कि कुर्बानी हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की सुन्नत है और इसे पूरी जिम्मेदारी व शरीयत के नियमों के अनुसार किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी करते समय स्वच्छता और कानून व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें।
प्रतिबंधित जानवरों की ना करें कुर्बानी
प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न करें और न ही कुर्बानी की वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करें। त्योहार आपसी भाईचारे, अमन और इंसानियत का संदेश देता है। सभी लोग प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ईदुल अजहा मनाएं।
ये रहे मौजूद
इसमें मुफ्ती हाशिम रजा सादी, कारी यूसुफ जमाल, मौलाना इरफान मिस्बाही, कारी हाशिम रजा बरकाती, कारी मुहम्मद यामीन, हाफिज मुहम्मद इकराम, कारी गुलफाम, प्रधान नजाकत अली, हाजी मुशाहिद, मुतावल्ली अय्यूब, हाजी जरीफ, मो. इरफान आदि रहे।