लखनऊ में चलते ऑटो से युवती को फेंका, आज पुलिस ने ड्राइवर को सिखाया सबक, गोली मार किया लंगड़ा, फिर...
Lucknow Crime News: यूपी की राजधानी लखनऊ से रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक हॉटो चालक हैवान बन गया। छेड़छाड़ के विरोध में आटो चालक ने खुर्रमनगर फ्लाईओवर पर युवती को चलते ऑटो से फेंक दिया।सड़क पर गिरने से युवती का सिर फट गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को सबक सिखाने की ठानी तो आनन-फानन में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश देने लगी। आठ घंटे बाद रविवार तड़के टेढ़ी पुलिया चौराहे पर चालक से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने पैर में गोली मारकर ड्राइवर को लंगड़ा कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार ऑटो चालक हुसैनगंज इलाके में केकेवी कालोनी का रहने वाला सनी यादव है।
पीड़िता विकासनगर इलाके की रहने वाली है। वह प्राइवेट नौकरी करती है। शनिवार शाम आफिस से छुट्टी के बाद वह घर जा रही थी। पॉलीटेक्निक चौराहे पर ऑटो में बैठी। युवती के घरवालों के मुताबिक बेटी ने बताया कि ऑटो चालक खुर्रमनगर फ्लाईओवर पर चढ़ा। रास्ते में वह छेड़छाड़ करने लगा।
विरोध पर चालक ने धमकी दी। इसके बाद जगरानी के पास उसने चलते ऑटो से फेंक दिया। ऑटो रफ्तार से था। चलते ऑटो से गिरने के कारण सिर फट गया। शोर सुनकर जब तक राहगीर दौड़े आरोपी चालक फरार हो गया।
घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। घरवाले भी पहुंच गए। युवती को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख उसे भर्ती कर लिया गया। युवती के परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
टेढ़ी पुलिया पर पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर
पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी विकासनगर आलोक सिंह समेत चार टीमों को लगाया गया था। टीमों ने सीसी फुटेज से आरोपी की पहचान की। उसकी तलाश में पुलिस टीम तलाश रही थी।
इस बीच टेढ़ी पुलिया के पास संदिग्ध आरोपी को जाते देख थानाप्रभारी आलोक सिंह और उनकी टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देखते ही सनी ने फायरिंग शुरू कर दी। सनी के तमंचे से चली गोली थाना प्रभारी की जीप में लगी। वह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में सनी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मुठभेड़ में गोली लगने से घायल बदमाश की पहचान हुसैनगंज केकेवी कालोनी निवासी सनी यादव के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
इन चौराहों पर सक्रिय है गिरोह
पालीटेक्निक चौराहा, कमता, मटियारी, आलमबाग बस अड्डा, अवध चौराहा, दुबग्गा, मोहनलालगंज, चारबाग बस अड्डा, चारबाग रेलवे स्टेशन, तेलीबाग चौराहा, हुसड़िया चौराहे पर यह गिरोह खासकर रात में सक्रिय रहता है।