Headlines
Loading...
कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय कराएंगे श्रीमद्भागवत कथा का रसपान, आगरा में सज रहा बड़ा पंडाल; जुटेंगे हजारों लोग...

कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय कराएंगे श्रीमद्भागवत कथा का रसपान, आगरा में सज रहा बड़ा पंडाल; जुटेंगे हजारों लोग...

आगरा। बल्केश्वर क्षेत्र 31 मई से श्री हरि विष्णु और श्रीकृष्ण की मनोहारी लीलाओं के प्रसंग गूंजेंगे। व्यासपीठ से कथा मर्मज्ञ इंद्रेश उपाध्याय अपनी विशेष शैली व मधुर वाणी में प्रभु की लीलाओं का श्रवण कराएंगे।

कथा से पूर्व गुरुवार को बल्केश्वर पार्क में वेद-मंत्रों, देव उपासना और हवन के साथ भूमि पूजन कर आयोजन का श्रीगणेश किया गया। इस दौरान आयोजन स्थल जयघोषों और भक्तिमय गीतों से गूंज उठा। पंडाल में हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।

श्री बल्केश्वर महादेव भक्त मंडल के इस आयोजन में भूमि पूजन बल्केश्वर मंदिर के महंत कपिल नागर के सानिध्य में संपन्न हुआ। पूजन व हवन की क्रियाएं राकेश चतुर्वेदी ने पूर्ण करायीं। मुख्य अतिथि नवीन जैन थे।

आयोजन समिति पदाधिकारियों ने बताया कि कथा 31 मई को सुबह भव्य कलश व आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी, जो बल्केश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर बल्केश्वर पार्क तक पहुंचेगी। शाम चार बजे से कथा आरंभ होगी।

व्यासपीठ से कथा वाचक इंद्रेश उपाध्याय अपने श्रीमुख से सती चरित्र, ध्रुव कथा, नरसिंह, वामन अवतार, श्रीराम व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजा, रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित्र और श्रीकृष्ण-उद्धव संवाद जैसे विभिन्न प्रसंगों का रसपान कराएंगे। छह जून को शुकदेव पूजन के साथ कथा का विश्राम लेगी।

पूजन करने वालों में मुख्य यजमान हरीश अग्रवाल, करुणा अग्रवाल, पदम अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, नीतेश अग्रवाल, गिरीश बंसल, पार्षद मुरारीलाल गोयल, आदर्श नंदन गुप्त, ऋषि अग्रवाल मौजूद रहे।