वाराणसी फूलपुर थाना क्षेत्र के मीराशाह स्थित पेट्रोल पंप के समीप पिकअप ने बाइक सवार दो रिटायर अधिकारियों को कुचला मौके पर मौत...
वाराणसी पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के मीराशाह स्थित पेट्रोल पंप के समीप पिकअप ने एक ही बाइक से जा रहे दो रिटायर अधिकारियों को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक एक ही गांव के थे और बाइक से पिंडरा तहसील जा रहे थे।घटना सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे की है।
चोलापुर थाना क्षेत्र के भोपापुर निवासी मंडी विभाग के रिटायर इंस्पेक्टर 63 वर्षीय आनंद पांडेय और रिटायर कानूनगो 76 वर्षीय सुरेंद्र श्रीवास्तव बाइक से तहसील जा रहे थे। पिंडरा बाजार से ज्यों ही बढे विपरीत दिशा से आ रही पिकअप ने अपने दाहिने जाकर जोरदार टक्कर मार दी। उस पर भूसा लदा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप की गति काफी तेज थी। तहसील गेट से 100 मीटर पहले पेट्रोल पंप के समीप हुई घटना में बाइक चला रहे आनंद पांडेय पिकअप के पहिये के नीचे आ गए। वही पीछे बैठे सुरेंद्र भी सड़क पर गिर पड़े। इससे उनके सिर में गम्भीर चोटें आई। दोनों को पीएचसी पिंडरा ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक के पास हेलमेट था। लेकिन संभवत: लगाया नही था। कारण घटनास्थल पर बाइक से दूर हेलमेट सुरक्षित मिला।