IPL Playoff Scenarios: 1 स्पॉट के लिए 5 टीमों में टक्कर, KKR की जीत के बाद समझिए प्लेऑफ का पूरा समीकरण...
IPL 2026 के 65वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराया. बुधवार को हुए इस मुकाबले में जीत के बाद KKR अंक तालिका में छठे स्थान पर आ गई और प्लेऑफ की जंग और भी ज्यादा रोमांचक हो गई है.अब लीग स्टेज के 5 मैच बाकी हैं, पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स समेत 5 टीमों की क्वालीफाई करने की उम्मीदें जिंदा हैं और जगह सिर्फ 1 है।
ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. सौरभ दुबे और कैमरून ग्रीन की घातक गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब हुई थी. सूर्यकुमार यादव के रूप में टीम को पॉवरप्ले में ही चौथा झटका लग चुका था. बारिश से प्रभावित इस मैच में MI ने 147 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए मनीष पांडे ने 45 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसके लिए उन्हें POTM अवार्ड मिला. रोवमैन पॉवेल ने 30 गेंदों में 40 रन बनाए. KKR ने 7 गेंद शेष रहते 4 विकेट से मैच को जीत लिया।
कोलकाता नाइट राइडर्स
KKR का आखिरी मैच दिल्ली कैपिटल्स के साथ है, जिसे जीतकर टीम 15 अंकों तक पहुंच जाएगी. इसके साथ कोलकाता को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए चाहिए कि पंजाब और राजस्थान रॉयल्स अपना अपना आखिरी मैच हार जाए, इससे कोलकाता क्वालीफाई कर जाएगी. फिर उन्हें CSK हारे या जीते, कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
राजस्थान रॉयल्स
RR का आखिरी मैच मुंबई इंडियंस के साथ है, जिसे जीतकर टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी. इस स्थिति में राजस्थान को किसी टीम की जीत हार से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि उनके 16 अंक हो जाएंगे. लेकिन अगर राजस्थान हार गई तो उन्हें चाहिए होगा कि CSK, PBKS और KKR अपना आखिरी मैच हार जाए।
पंजाब किंग्स
PBKS का आखिरी मैच LSG के साथ है, जिसे जीतकर टीम 15 अंकों तक पहुंच जाएगी. जीत के साथ उन्हें चाहिए कि राजस्थान और कोलकाता अपना आखिरी मैच हार जाए. अगर कोलकाता भी अपना आखिरी मैच जीत जाती है तो फिर नेट रन रेट तय करेगा कि प्लेऑफ में कौन जाएगा।
चेन्नई सुपर किंग्स
CSK के लिए प्लेऑफ में पहुंचना किसी चमत्कार से कम नहीं होगा. चेन्नई को चाहिए कि वो अपना आखिरी मैच जीते, साथ में राजस्थान, पंजाब और कोलकाता अपना मैच हार जाए. इस स्थिति में RR, CSK और DC के 14-14 अंक होंगे और फिर नेट रन रेट तय करेगा कि प्लेऑफ में कौन जाएगा।
दिल्ली कैपिटल्स
DC भी आखिरी मैच जीतकर 14 अंकों तक पहुंच सकती है, लेकिन उनके लिए भी सिर्फ इतना काफी नहीं है. उन्हें एक बड़ी जीत के साथ चाहिए कि चेन्नई, पंजाब और राजस्थान भी अपना आखिरी मैच हार जाए. इस स्थिति में RR और DC के 14-14 अंक होंगे और फिर बेहतर नेट रन रेट वाली टीम प्लेऑफ में क्वालीफाई करेंगी।
प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमें
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ में अपनी जगह कंफर्म करने वाली 3 टीम हैं, चौथे स्पॉट के लिए जंग जारी है. हालांकि प्लेऑफ में पहुंच चुकी टीमों के बीच टॉप-2 में रहने की लड़ाई है, क्योंकि उन दो टीमों को फाइनल में जाने के 2 मौके मिलते हैं।