मुंबई में NCB की बड़ी कार्रवाई, 349 किलो से ज्यादा कोकीन जब्त; 1745 करोड़ का ड्रग रैकेट हुआ बेनकाब, गृहमंत्री अमित शाह ने बधाई दी...
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मुंबई में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का पर्दाफाश करते हुए नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एजेंसी ने मुंबई बंदरगाह के पास एक गुप्त ऑपरेशन के दौरान 349 किलोग्राम 'हाई-ग्रेड' कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1745 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह खेप एक कंटेनर में बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखी गई थी, जिसे दक्षिण अमेरिका से वाया समुद्री मार्ग भारत लाया गया था।
विदेशों में भी सप्लाई किया जाना था ड्रग्स
एनसीबी के अधिकारियों के मुताबिक, यह नशीला पदार्थ दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों के साथ-साथ विदेशों में भी सप्लाई किया जाना था। इस मामले में कई विदेशी नागरिकों सहित एक बड़े ड्रग सिंडिकेट के सदस्यों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।
जांच एजेंसी अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की तलाश कर रही है ताकि भारत में सक्रिय इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट की पूरी जड़ को काटा जा सके। देश में ड्रग्स की अवैध तस्करी के खिलाफ इसे एक निर्णायक और ऐतिहासिक प्रहार माना जा रहा है।
अमित शाह ने NCB को दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुंबई में एनसीबी (NCB) द्वारा 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन की ऐतिहासिक जब्ती पर टीम को बधाई देते हुए ड्रग तस्करों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है। गृह मंत्री ने कहा कि सरकार नार्कोटिक्स कार्टेल को बेरहमी से कुचलने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
उन्होंने इस ऑपरेशन की सराहना करते हुए इसे 'बॉटम टू टॉप' दृष्टिकोण का एक बेहतरीन उदाहरण बताया, जहां एजेंसी ने एक छोटी सी खेप का पीछा करते हुए अंततः 1745 करोड़ रुपये के इस विशाल अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। गृह मंत्री ने इस बड़ी सफलता को नशामुक्त भारत के अभियान में एक मील का पत्थर करार दिया है।