RR vs DC: राजस्थान को हराने के बाद भावुक हो गए अक्षर पटेल, हादसे में मारे गए फैंस को समर्पित की जीत...
एजेंसी स्पोर्ट्स डेस्क। दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को अपने घर में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हरा दिया। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने इस जीत को उन फैंस को समर्पित किया है जिन्होंने एक हादसे में अपनी जान गंवा दी थी। दिल्ली ने राजस्थान द्वारा रखे गए 226 रनों के विशाल स्कोर को तीन विकेट खोकर हासिल करते हुए मैच अपने नाम किया।
दिल्ली के दो फैंस ने पिछले मैच के बाद अपनी जान एक सड़क हादसे में गंवा दी थी। याग्या भाटिया और अभाव भाटिया 27 अप्रैल को दिल्ली और आरसीबी का मैच देखकर लौट रहे थे तभी उनका एक्सीडेंट हो गया था। अक्षर ने मैच के बाद इसका जिक्र किया और जीत इन फैंस के नाम की।
अक्षर ने जीता दिल
अक्षर ने मैच के बाद कहा, "मैं एक बात कहना चाहता हूं, पिछले मैच में हमारे फैंस के साथ जो हादसा हुआ, मैं इस जीत को उन्हें समर्पित करना चाहता हूं।" अक्षर ने हादसे में मारे गए फैंस के नाम जीत समर्पित कर दिल जीतने वाला काम किया है। उनकी हर तरफ तारीफ हो रही है।
वहीं टीम की जीत को लेकर अक्षर ने कहा, "आपको हर दिन आना होता है और अपना बेस्ट देना होता है। जिस तरह से टीम के खिलाड़ियों ने खेला वो देख शानदार लगा। हमने अपने प्लान को सही तरह से लागू किया और जो परिणाम चाहते थे वो हमारे पक्ष में आया।"
'स्टार्क लीजेंड हैं'
इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स को मिचेल स्टार्क की वापसी से बूस्ट मिला। स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवरों में 40 रन देकर तीन विकेट लिए। ये तीनों बड़े विकेट थे। उन्होंने यशस्वी जायसवाल, राजस्थान के कप्तान रियान पराग और रवींद्र जडेजा को आउट किया। स्टार्क ने चोट के बाद वापसी की है और इसी कारण वह शुरुआत के काफी मैचों में नहीं खेले थे।
स्टार्क की तारीफ करते हुए अक्षर ने कहा, "स्टार्क ने जिस तरह से गेंदबाजी, मैं कहना चाहूंगा कि वह लीजेंड हैं। तीन महीने बाद वापसी करते हुए वह इस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं जो शानदार है।"