दीदी अगर राहुल गांधी की बात मान लेती तो... अलग होते बंगाल के नतीजे...TMC की हार पर संजय राउत ने ममता बनर्जी को खूब सुनाया...
Sanjay Raut: पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद सियासी पारा हाई है। बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद विपक्षी खेमे में खलबली मची हुई है। बंगाल में भाजपा ने 206 सीटें जीतीं और टीएमसी को 81 सीटें मिली, इसके बाद उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने कहा है कि यह ममता दीदी का बहुत बड़ा गुनाह है कि उन्होंने राहुल गांधी की बात नहीं सुनी। अगर ममता दीदी ने राहुल गांधी के साथ बैठकर इस मामले पर बात की होती, तो नतीजे अलग होते। इसके अलावा और क्या कुछ कहा जानते हैं।
वोट चुराए गए
राहुल गांधी ने जो कहा वह सच हो गया है, वह एक दूर की सोचने वाले नेता हैं पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनाव चुराए गए हैं. इससे पहले राहुल गांधी ने एक ट्वीट करते हुए लिखा था कि कांग्रेस में कुछ लोग और दूसरे लोग TMC की हार पर खुश हो रहे हैं. उन्हें यह साफ-साफ समझने की जरूरत है कि असम और बंगाल के जनादेश की चोरी, भारतीय लोकतंत्र को खत्म करने के BJP के मिशन में एक बड़ा कदम है. छोटी-मोटी पॉलिटिक्स को एक तरफ रख दें, यह किसी एक पार्टी या दूसरी पार्टी के बारे में नहीं है।
बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत
पश्चिम बंगाल में भाजपा ने इस बार प्रचंड जीत हासिल की है. भाजपा ने टीएमसी को चुनावी मैदान में हराया है. ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी लगातार तीन बार से बंगाल में चुनाव जीत रही थीं. 15 सालों से उनकी सरकार थी. लेकिन इस बार के चुनाव में उनका कोई भी पैंतरा काम नहीं आया और भाजपा ने उनका विजय रथ रोक दिया।
पीएम मोदी ने कही ये बात
इस जीत के बाद पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा आज का ये दिन कई मायनों में खास है, विशेष है. ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि मैं बंगाल की जनता का, असम की जनता का, पुदुचेरी की जनता का, तमिलनाडु और केरलम की जनता का आज आदरपूर्वक नमन करता हूं, मैं उन सबका वंदन करता हूं। मैं आज भाजपा के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का भी हृदय से अभिनंदन करता हूं। भाजपा के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने एक बार फिर से कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है। आपने नया इतिहास रच दिया है।