UP रिश्वत के आरोप में फंसे उप निदेशक पर्यटन कल्याण सिंह यादव, पर्यटन मंत्री ने दिए निलंबन के निर्देश...
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। यूपी क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय में तैनात उपनिदेशक कल्याण सिंह यादव आज रिश्वत के आरोपों में घिर गए हैं। मंगलवार को उनका एक वीडियाे प्रसारित हुआ, जिसमें वह पैसे लेकर दराज में रखते हुए नजर आ रहे हैं।
इस मामले में यूपी पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आज शाम उनके निलंबन की कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
प्रसारित वीडियो 53 सेकेंड का है। वीडियो में कोई व्यक्ति उनको पैसे दे रहा है। पैसे देने वाला रिपोर्ट लगवाने की बात कह रहा है और वह काम कराने की बात कह रहे हैं। इसको लेकर कार्यालय में खलबली मची रही।
मामले की जानकारी मिलने पर पर्यटन मंत्री ने अधिकारी को निलंबित कर विभागीय जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद निलंबन की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।