शिवेंदु अधिकारी vs ममता बनर्जी 'हे मेरी आत्मा.' इधर सुवेंदु अधिकारी ले रहे थे शपथ, उधर ममता बनर्जी लिख रही थीं पोस्ट...
Shuvendu Adhikari vs Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन हो गया. बंगाल में भाजपा का सूर्योदय हो गया. सुवेंदु अधिकारी के शपथ लेते ही पश्चिम बंगाल में पहली बार भगवा लहरा गया.जी हां, ममता बनर्जी को दो-दो बार हराने वाले सुवेंदु अधिकारी अब पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बन गए. सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को पीएम मोदी की मौजूदगी में पश्चिम बंगाल के पहले भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली. जब सुवेंदु अधिकारी सीएम पद की शपथ ले रहे थे, उस वक्त ममता बनर्जी एक्स पर एक पोस्ट लिख रही थीं।
दरअसल, सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उन्होंने पश्चिम बंगाल में BJP को ऐतिहासिक जीत दिलाई और ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर में हराया. उन्हें राज्य के राज्यपाल आर.एन. रवि ने शपथ दिलाई. इस दौरान मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह से लेकर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित थे. इसी समय ममता बनर्जी सोशल मीडिया मंच पर एक्टिव थीं. उन्होंने उसी वक्त एक पोस्ट किया, जो रवींद्रनाथ टैगोर को लेकर थी. चलिए जानते हैं।
ममता बनर्जी ने क्या पोस्ट किया?
ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट किया, 'बैशाख की पच्चीसवीं तारीख के इस पावन दिवस पर मैं विश्व-विख्यात परम विचारक और कवि-सम्राट गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के चरणों में अपनी अनंत वंदना अर्पित करती हूं. हमारे लिए रवींद्र जयंती बंगाली भाषा, संस्कृति और विरासत के पुनर्जन्म का एक भव्य उत्सव है. उनका जीवन-दर्शन हमारी दैनिक यात्रा के लिए एक शाश्वत मार्गदर्शक प्रकाश का कार्य करता है. उन्होंने हमें यह शिक्षा दी है कि विभाजन सत्य नहीं है; एकता ही सत्य है. उग्र राष्ट्रवाद के उन्माद से ऊपर उठकर, उन्होंने संपूर्ण मानव सभ्यता को एकता का महान मंत्र प्रदान किया है।
'हे मेरे हृदय, इस पावन तीर्थ-स्थल पर धीरे-धीरे जाग्रत हो,
भारत की इस महान आत्मा के सागर-तट पर.'
इस विश्व-विख्यात कवि के शाश्वत आदर्श, उनकी दूरगामी विचार-धाराएं, जाग्रत चेतना और सृजनात्मक प्रतिभा, विश्व भर के लोगों के मन-मस्तिष्क में और भी अधिक प्रखरता से आलोकित हों.'आज रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती
गौरतलब है कि सुवेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन हुआ. सुवेंदु के साथ-साथ बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायक दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक किर्तनिया ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली. शुक्रवार को अधिकारी ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया. इससे कुछ घंटे पहले ही उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में विधायक दल का नेता चुना गया था।
कौन हैं सुवेंदु अधिकारी?
सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों में से एक से आते हैं. उनके पिता शिशिर अधिकारी लोकसभा और पश्चिम बंगाल विधानसभा दोनों में सेवाएं दे चुके हैं. उनके भाई, दिव्येंदु अधिकारी, पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में थे, लेकिन 2024 में बीजेपी में शामिल हो गए. सुवेंदु अधिकारी ने 1995 में कांग्रेस पार्टी से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और 1998 में नवगठित टीएमसी में शामिल हो गए.उन्होंने 2006 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांथी दक्षिण से चुनावी शुरुआत की और बाद में सिंगूर और नंदीग्राम आंदोलनों में वाम मोर्चा सरकार के खिलाफ प्रमुख भूमिका निभाई।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी ने जबरदस्त जीत दर्ज की. 294 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी ने 207 सीटें जीतीं और टीएमसी के 15 साल पुराने शासन का अंत कर दिया. दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिलीं।