लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर मिनी ट्रक ने पुलिस जीप में आज दोपहर सामने से मारी टक्कर, तीन सिपाही सहित 11 लोग घायल...
प्रतापगढ़। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर सोमवार दोपहर हादसा हो गया। मिनी ट्रक की टक्कर से सरकारी बोलेरो वाहन सवार तीन पुलिसकर्मी और उसी दौरान टेंपो के भी चपेट में आ जाने से उसमें सवार चालक समेत सात यानी कुल 10 लोग घायल हो गए। यह हादसा सोमवार दोपहर रायबरेली-जौनपुर हाईवे पर पृथ्वीगंज में खरहर साई कुटी के पास हुआ।
सीओ रानीगंज के पास से पुलिसकर्मी लौट रहे थे
जनपद पुलिस के लेखा विभाग में कार्यरत एएसआइ संजय मौर्य और सिपाही उत्तम अग्रहरि व संदीप यादव जरूरी कागजात पर सीओ रानीगंज से हस्ताक्षर कराने के लिए सरकारी वाहन बोलेरो से रानीगंज गए थे। हस्ताक्षर के बाद यह लोग पुलिस कार्यालय को लौट रहे थे कि सामने से आए तेज गति के आयशर कैंटर मिनी ट्रक ने बोलरो को सामने से टक्कर मार दी। इससे गाड़ी चला रहे संजय समेत पुलिसकर्मी घायल हो गए।
ऑटो वाहन सवार कई घायल
इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक ऑटो वाहन भी बेकाबू ट्रक की चपेट में आ गया। इससे सवार रानीगंज जयरामपुर की कमर जहां, हदीसा बानो, शाइस्ता बानो, मोहम्मद हसीद, शकीरा बानो और साहिबा बानो भी को भी चोट आई है। टेंपो चालक सर्वेश दुबे भी मामूली घायल हुआ है। बताया जाता है कि ऑटो में सवार लोग जयरामपुर दुर्गागंज से चिलबिला गमी में शामिल होने जा रहे थे।
ई-रिक्शा भी ट्रक से टकराया, कोई चोटिल नहीं
एक ई रिक्शा भी आकर ट्रक से टकरा गया। इसमें कोई चोटिल नहीं हआ। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला। रानीगंज पुलिस ने वहां पहुंचकर घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां से कुछ को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल भेजा गया। पुलिस कर्मियों को गंभीर चोट नहीं आई है। सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
ये पुलिसकर्मी घायल हैं
घायल बोलेरो चालक संदीप यादव, एएसआइ संजय मौर्य और सिपाही उत्तम अग्रहरि को ट्रामा सेंटर रानीगंज भेजा गया जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार किया। वहीं ऑटो में सवार सात लोग व आटो चालक को उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर भेजा गया जहां पर सभी का इलाज किया गया चालक को जिला अस्पताल रेफर किया गया।