सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 12 साल के कार्यकाल में शासन-प्रशासन के नए मानक स्थापित किए...
वाराणसी, 12 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने 12 साल के कार्यकाल में शासन-प्रशासन के नए मानक स्थापित किए हैं और उनके नेतृत्व में शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं से गरीबों को सम्मान और सीधा लाभ मिला है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर यहां गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में आयोजित प्रदर्शनी की शुरुआत की। यहां कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, पर्यटन, पंचायती राज, मत्स्य, एपीडा, खादी व ग्रामोद्योग समेत अनेक विभागों ने उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई।
इस आयोजन में 'एक जनपद-एक व्यंजन' (ओडीओसी) योजना के तहत बनारसी लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता व पान आदि को भी प्रदर्शित किया गया। विशेष चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। योगी ने यहां जनकल्याण शिविर, स्ट्रीट वेंडर तथा कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
उन्होंने कहा, ''बिना रुके, बिना डगमगाए और बिना झुके, मोदी ने प्रधानमंत्री के तौर पर अपने सफल 12 साल के कार्यकाल में एक रिकॉर्ड बनाया है। ''मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी के लोगों ने मोदी को अपना सांसद चुनकर ''सही फैसला'' किया है और उनके नेतृत्व में शहर को पूरे भारत और दुनिया में पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने ओडीओसी के अंतर्गत ''फूड कार्ट'' की भी शुरुआत किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट व आमजन में मिष्ठान वितरित किया। योगी ने यहां स्वास्थ्य परीक्षण करा रहे लोगों से भी संवाद किया।