200 करोड़ की लागत से स्टेट हाईवे के फोरलेन बनने से 'छोटी काशी' की राह होगी आसान, CM ने दी कार्ययोजना को मंजूरी...
बुलंदशहर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोक निर्माण विभाग की कार्ययोजना पर मुहर लगा दी है। बुलंदशहर-अनूपशहर स्टेट हाईवे को फोरलेन बनने से छोटी काशी के नाम से मशहूर अनूपशहर तक श्रद्धालुओं की राह आसान होगी। प्रांतीय खंड ने बुलंदशहर-अनूपशहर स्टेट हाईवे को धर्मार्थ के तहत फोरलेन बनाने की कार्ययोजना और एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा था। मुख्यमंत्री ने शनिवार को नोएडा प्राधिकरण के बोर्डरूम में लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों और नई कार्ययोजना की समीक्षा बैठक की थी। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कार्ययोजना पर मुहर लगा दी है।
लाजिस्टिक में बुलंदशहर-अनूपशहर स्टेट हाईवे के 40 किलोमीटर के टुकड़े को 200 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है। कार्ययोजना के बाद अब जल्द एस्टीमेट को स्वीकृति मिलते ही धनराशि जारी हो जाएगी। धनराशि जारी होने के बाद प्रांतीय खंड विभाग टेंडर प्रक्रिया पूरी कर स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने का काम शुरू कर देगा।
बुलंदशहर-अनूपशहर स्टेट हाईवे के फोरलेन बनने से छोटी काशी के नाम से मशहूर अनूपशहर तक की राह आसान हो जाएगी। गंगा स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु हर अमावस्या और पूर्णिमा को इसी रास्ते निकलते हैं। कांवड़ यात्रा के दाैरान कांवड़िया अनूपशहर से जल उठाते हैं।
कांवड़ यात्रा के दाैरान हाईवे को वन-वे करने के साथ बड़े वाहनों का वागमन बंद कर दिया जाता है। हाईवे के फोरलेन बनने के बाद यातायात को नई रफ्तार मिलने के साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान भारी वाहनों का आवागमन जारी रहेगा।
इन्होंने कहा
लाजिस्टिक में बुलंदशहर-अनूपशहर स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने को 200 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाया था। एस्टीमेट को स्वीकृति मिलने के बाद धनराशि जारी होने पर ही निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा।
-राहुल शर्मा, एक्सईएन प्रांतीय खंड।