Headlines
Loading...
सड़कें जलमग्न, रिहायशी इलाके भी पानी-पानी.. मुंबई में बारिश से आफत, अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी...

सड़कें जलमग्न, रिहायशी इलाके भी पानी-पानी.. मुंबई में बारिश से आफत, अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी...

Heavy Monsoon Rain Hits Mumbai: महाराष्ट्र में मानसून की पहली तेज बारिश ने मुंबई महानगर क्षेत्र की रफ्तार थाम दी. भिवंडी, नवी मुंबई और मुंबई के कई इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं, बाजारों और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया, जबकि कई जगहों पर वाहन बीच सड़क में बंद पड़ गए.सबसे खराब हालात भिवंडी में देखने को मिले, जहां महज एक घंटे की बारिश ने महानगरपालिका की मानसून तैयारियों की पोल खोलकर रख दी।

उधर, मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के जिलों में अगले 24 घंटों तक रुक-रुक कर तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. सोमवार को सप्ताह का पहला कामकाजी दिन होने के कारण जलभराव और ट्रैफिक जाम से लाखों लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका जताई गई है, जबकि प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यकता होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

एक घंटे की बारिश में डूबा भिवंडी

महाराष्ट्र के भिवंडी में महज एक घंटे की बारिश ने महानगरपालिका की मानसून तैयारियों की पूरी पोल खोल दी. शहर की सड़कें दरिया बन गईं, मुख्य बाजार जलमग्न हो गए, दुकानों में पानी घुस गया और बीच सड़क पर वाहन बंद पड़ने से लोगों को धक्का लगाना पड़ा. हालात ऐसे बन गए कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया।

भिवंडी में रविवार को हुई करीब एक घंटे की तेज बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी. मुख्य बाजार क्षेत्रों तीन बत्ती, भाजी मार्केट, निजामपुरा, आमपाड़ा, खंडूपाड़ा रोड और वंजारपट्टी समेत कई इलाके जलमग्न हो गए. सड़कों पर घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई मोहल्लों और गलियों में भी पानी भरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

सबसे ज्यादा असर शहर के प्रमुख बाजारों तीन बत्ती और भाजी मार्केट में देखने को मिला, जहां बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया. दुकानदार अपना सामान बचाने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए. वहीं, जलभराव के कारण कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच सड़क पर बंद पड़ गए. वाहन चालकों को गाड़ियों को धक्का देकर बाहर निकालना पड़ा, जबकि कई प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित रहा।

कहां-कहां जल जमाव?

मुंबई के अंधेरी सबवे में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है. वहीं, पनवेल में ज़ोरदार बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव देखने को मिल रहा है. मरीन ड्राइव पर भी जबरदस्त बारिश देखने को मिली है. मुंबई के वाशी इलाके में भारी बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव देखने को मिला।

नवी मुंबई में राहत के साथ आफत

नवी मुंबई में जोरदार बारिश की शुरुआत हो गई. मौसम ने अचानक करवट ली और शहर के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन जगह-जगह हुए जलभराव ने लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी।

कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के जिलों में अगले 24 घंटों तक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, बारिश रुक-रुक कर होती रहेगी. अगर तेज बारिश का दौर जारी रहा तो सोमवार यानी सप्ताह के पहले कामकाजी दिन मुंबईकरों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, क्योंकि निचले इलाकों में जलभराव होने की आशंका है।

इन इलाकों में सायन, माटुंगा, किंग सर्कल, वडाला, हिंदमाता, अंधेरी, कांदिवली, जुहू, खार, साकीनाका, कुर्ला, विक्रोली और घाटकोपर शामिल हैं. वहीं, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, एलबीएस रोड, अंधेरी-कुर्ला रोड और गुलमोहर रोड जैसे मार्गों पर भी जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।