Headlines
Loading...
'अखिलेश के 25 सांसद टूटने को तैयार', राजभर के दावे को यूपी डिप्टी सीएम का समर्थन, यूपी चुनाव से पहले संकट में है सपा...

'अखिलेश के 25 सांसद टूटने को तैयार', राजभर के दावे को यूपी डिप्टी सीएम का समर्थन, यूपी चुनाव से पहले संकट में है सपा...

कानपुर जिला ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के कानपुर में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आज बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी में बिखराव से संबंधित बड़ा दावा किया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद अलग गुट बनाने के लिए तैयार बैठे हैं। सैफई टीम को बड़ा झटका लग सकता है। 

डिप्टी सीएम ने यूपी चुनाव 2027 में भारतीय जनता पार्टी के प्रचंड जीत का दावा किया है। उन्होंने हिंदुओं की एकता की चर्चा की और इस पर गर्व जताया। साथ ही, राम मंदिर मुद्दे पर भी बड़ी टिप्पणी की। इससे पहले यूपी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने भी समाजवादी पार्टी में टूट की बड़ी भविष्यवाणी की थी। इस पर अखिलेश यादव का करार पलटवार सामने आया। अब इसी प्रकार की बात करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य दिख रहे हैं।


डिप्टी सीएम ने क्या कहा?

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी में टूट के विषय पर कहा कि समाजवादी पार्टी के भीतर ही बिखराव की स्थिति है। सांसदों के बीच नाराजगी बढ़ रही है। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट तौर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी पार्टी को तोड़ने की कोशिश नहीं कर रही है। जब सांसदों-नेताओं को अपना भविष्य अंधकार में जाता दिखेगा तो वे निश्चित तौर पर अलग राह चुनेंगे।भाजपा की सकारात्मक राजनीति का दावा

अखिलेश यादव के भाजपा की नकारात्मक राजनीति वाले बयान पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सैफई का चश्मा हटाएं और कानपुर का चश्मा लगा लें, उन्हें भाजपा की सकारात्मक राजनीति दिख जाएगी। भाजपा सकारात्मक सोच के साथ राजनीति करती है। इस कारण देश और प्रदेश हम लगातार विकास की राह पर हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है। गरीबों के जीवन में खुशहाली और परिवर्तन आया है। सभी आनंद में है और एक बार फिर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार हैं।

राम मंदिर मुद्दे पर भी बोले

राम मंदिर में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह मामला भ्रष्टाचार का नहीं है। दान पात्रों के चढ़ावे में गड़बड़ी की कुछ शिकायतें सामने आई हैं। उसकी जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि भगवान राम के चढ़ावे का पैसा जिसने भी खाया होगा, वह उसका सुख नहीं भोग सकता है। जांच के बाद उस पैसे को रिकवर किया जाएगा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हनुमान जी महाराज भगवान राम के भक्त हैं और वह सब कुछ देख रहे हैं।

ब्राह्मण सम्मेलन पर भी तंज

अखिलेश यादव के ब्राह्मण सम्मेलन पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह ब्राह्मण सम्मेलन करें या ठाकुर सम्मेलन करें। उनके किसी सम्मेलन का समाजवादी पार्टी को कोई फायदा नहीं होने वाला है। सपा सैफई जाने वाली है। भाजपा लखनऊ में है और लखनऊ में ही रहेगी। भाजपा के यूपी चुनाव 2027 में भी जीत का दावा वे करते दिखे।

टीएमसी में भी टूट पर बयान

पश्चिम बंगाल के टीएमसी में टूट के मसले पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जो पार्टियां टूट रही हैं, उसे बचाने का जिम्मा भारतीय जनता पार्टी का नहीं है। अगर कोई पार्टी टूट रही है तो इसका कारण उस पार्टी की कमी है। अगर आप परिवार बात करोगे। भ्रष्टाचार करोगे। गुंडागर्दी करोगे। इस स्थिति में जो लोग उन दलों में हैं, उनका राजनीतिक भविष्य अंधकार में दिखेगा। वह कोई दूसरे दल का ठिकाना ढूंढेंगे।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जो लोग टूट रहे हैं, वे भाजपा में नहीं आ रहे हैं। भाजपा ने किसी भी दल को नहीं तोड़ा है। रामगोपाल यादव के भाजपा के संपर्क में होने पर उन्होंने कहा कि मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। मीडिया कर्मियों के हवाले से ही इस प्रकार की बातें कही जा रही हैं।