प्रयागराज से बनारस का 28 व गोरखपुर का 12 रुपये किराया बढ़ा, शास्त्री पुल की मरम्मत के कारण 3 जून से डायवर्ट होंगी रोडवेज बसें...
प्रयागराज। गंगा पर बने झूंसी शास्त्री पुल का मरम्मतीकरण कार्य तीन जून से शुरू हो रहा है। इसके साथ ही रोडवेज बसों का रूट भी डायवर्ट कर दिया गया है। इस दौरान प्रयागराज से वाराणसी और गोरखपुर रूट पर चलने वाली रोडवेज बसों के किराये में 12 रुपये से लेकर 28 रुपये तक की वृद्धि होगी।यानी यात्रियों को अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ेगी।
नए रास्ते के कारण समय, किराया और दूरी बढ़ जाएगी
जो बसें शास्त्री पुल से झूंसी के रास्ते चल रही हैं, उन्हें डायवर्जन के बाद फाफामऊ पुल के रास्ते घुमाकर गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। नए रास्ते के कारण समय, किराया और दूरी बढ़ जाएगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की नीति के अनुसार, दूरी बढ़ने के साथ ही किराया भी बढ़ाया गया है।
वाराणसी की दूरी अब 144 किमी होगी
वाराणसी की दूरी 126 किमी है, जो फाफामऊ के रास्ते जाने 144 किमी हो जाएगी। इससे साधारण बस का किराया जो अभी 197 रुपये है, वह अब बढ़कर 225 रुपये हो जाएगा। यानी यात्री को 28 रुपये अधिक देने होंगे। गोरखपुर की दूरी 294 किमी से बढ़ कर 303 किमी हो जाएगी। नतीजतन, यात्रियों को 428 रुपये के बजाय 440 रुपये चुकाने होंगे। यानी 12 रुपये अतिरिक्त यात्रियों को चुकाने होंगे।
रास्ते के अन्य महत्वपूर्ण स्टॉपेज का भी बढ़ेगा किराया
यह बदलाव केवल दो शहरों तक सीमित नहीं है। रास्ते में पड़ने वाले कई अन्य महत्वपूर्ण स्टापेज के किराए में भी वृद्धि हुई है। सहसों, बादहशाहपुर, मछलीशहर, जौनपुर, आजमगढ़, हंडिया, गोपीगंज, सुजानगंज, शाहगंज, टांडा, फूलपुर, गाजीपुर और देवरिया जाने वाले यात्रियों को भी अब अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त पैसे देने होंगे।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बोले- किराया अपडेट हो रहा
यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक, रविंद्र कुमार ने बताया कि अगर झूंसी पुल से रोडवेज बसों का संचालन नहीं होगा और रूट डायवर्जन लागू रहेगा तो बसें फाफामऊ चंद्रशेखर आजाद सेतु के रासते आवागमन करेंगी। इससे गंतव्य की दूरी, समय और किराया बढ़ जाएगा। दूरी बढ़ने के कारण साफ्टवेयर में नया किराया अपडेट किया जा रहा है।
किराया और दूरी सूची
स्थान किमी किराया (रु.) बढ़ी दूरी अब (किमी) बढ़ा किराया (रु.)
सहसों 18 26 27 38
बादशाहपुर 48 57 68 80
मछलीशहर 80 89 117 131
जौनपुर 112 121 164 175
आजमगढ़ 178 187 260 272
हंडिया 37 55 51 82
गोपीगंज 64 82 89 117
टांडा 197 206 267 283