Headlines
Loading...
3 दारोगा(SHO)की हादसे में मौत पर राज्यपाल  और मुख्यमंत्री ने जताया शोक, घटना को बताया पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति...

3 दारोगा(SHO)की हादसे में मौत पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक, घटना को बताया पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति...

Begusarai Accident News : बेगूसराय जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन थानाध्यक्षों समेत चार लोगों की मौत पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने इसे पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

राज्यपाल ने जताया गहरा दुख

बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन ने बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुई सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है. राज्यपाल ने दिवंगत पुलिस अधिकारियों एवं अन्य मृतक के परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी श्रद्धांजलि

हादसे में जान गंवाने वाले अधिकारियों का परिचय

* ज्ञानेंद्र अमरेंद्र वर्ष 2009 बैच के दारोगा थे, जो कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के आजमनगर निवासी थे और सितंबर 2025 से अरार थाना के प्रभारी के रूप में कार्यरत थे।
* साजन कुमार पासवान वर्ष 2018 बैच के दारोगा थे, जो कैमूर जिले के भभुआ (भोपतपुर) निवासी थे और अगस्त 2025 से रतवारा थाना की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
* नीरज कुमार भी 2018 बैच के दारोगा थे, जिन्हें महज एक सप्ताह पहले ही बेलारी थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया था। गया जिले के मूल निवासी नीरज कुमार का परिवार डेहरी ऑन सोन में रहता है।

पटना से लौटते समय काल बन गई सड़क

बिहार पुलिस महकमे के लिए यह घटना बेहद दुखद साबित हुई है। राज्य पुलिस मुख्यालय स्थित सरदार पटेल भवन में एनसीआरबी और एनआईसी के विशेषज्ञों द्वारा क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (CCTNS) 1.0 को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे चारों लोग कार से मधेपुरा के लिए रवाना हुए थे, इसी दौरान बेगूसराय के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ी एक ट्रक से उनकी कार जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीनों थानाध्यक्षों समेत चालक की मौत हो गई. वाहन चला रहे ज्योतिष कुमार, उदाकिशुनगंज थाना के निजी चालक मनोज पासवान के पुत्र थे।

हादसे के बाद पुलिस अधिकारियों की कार.

साजन पासवान की मौत से कैमूर में मातम

मृतक साजन पासवान भोपतपुर गांव निवासी शुकर पासवान के सबसे छोटे पुत्र थे, जो वर्ष 2018 में दारोगा बने थे और वर्तमान में रतवारा थाना के थाना प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार साजन कुमार चार भाइयों में सबसे छोटे थे और उनकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। उनके बड़े भाई मेघनाथ पासवान गांव में खेती-बाड़ी करते हैं, जबकि दूसरे भाई राजन पासवान बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं और तीसरे भाई राजू पासवान थाना चालक के रूप में सेवा दे रहे हैं। परिवार के तीन भाई सरकारी सेवा में होने के कारण पूरे गांव को उन पर गर्व था, लेकिन इस हादसे के बाद गांव में लोगों का तांता लग गया और 100 से अधिक लोग बेगूसराय के लिए रवाना हो गए।