Headlines
Loading...
ऑरेंज कैप, चमचमाती कार और 35 लाख ₹... अकेले महफिल लूट ले गया बिहार का लाल, वैभव सूर्यवंशी ने जीते ये 5 बड़े अवॉर्ड्स...

ऑरेंज कैप, चमचमाती कार और 35 लाख ₹... अकेले महफिल लूट ले गया बिहार का लाल, वैभव सूर्यवंशी ने जीते ये 5 बड़े अवॉर्ड्स...

अहमदाबाद। आईपीएल का 19वां सीजन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुका है. अहमदाबाद के भव्य नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार रात को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले के बाद जब अवॉर्ड सेरेमनी की शुरुआत हुई, तो वहां सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा था वैभव सूर्यवंशी।

राजस्थान रॉयल्स का यह 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज भले ही अपनी टीम को फाइनल तक नहीं ले जा सका, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में उसने बल्ले से ऐसा कोहराम मचाया कि अवॉर्ड्स की सबसे बड़ी बारिश उन्हीं पर हुई. उन्हें पांच बड़े पुरस्कारों के साथ-साथ एक चमचमाती 'Tata Sierra' कार और लाखों रुपये की इनामी राशि देकर सम्मानित किया गया।

राजस्थान रॉयल्स का खिताबी सफर भले ही क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स के हाथों हार के साथ समाप्त हो गया था, लेकिन वैभव ने अपने आखिरी मैच में भी हार नहीं मानी. उन्होंने महज 47 गेंदों में 96 रनों की आतिशी पारी रहकर यह साबित कर दिया था कि वे इस सीजन के सबसे बड़े और वास्तविक सुपरस्टार हैं.इस पूरे सीजन में वैभव ने कुल 16 पारियां खेली, जिसमें उन्होंने 48.50 की लाजवाब औसत और 237.30 की बेहद विस्फोटक स्ट्राइक रेट से कुल 776 रन कूट डाले. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शानदार शतक और 5 अर्धशतक निकले.उनके इसी अविश्वसनीय प्रदर्शन का नतीजा था कि फाइनल के बाद सेरेमनी में हर तरफ सिर्फ वैभव का ही जलवा दिखाई दिया।

वैभव सूर्यवंशी ने पांच अवॉर्ड जीते

इलेक्ट्रिक सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में सबसे खतरनाक और आक्रामक स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए इस खास पुरस्कार पर कब्जा जमाया. इस अवॉर्ड की रेस में शामिल होने के लिए न्यूनतम शर्त कम से कम 7 मैच खेलने और 100 गेंदों का सामना करने की थी। वैभव ने पूरे सीजन में 237.30 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से रन बनाकर सबको पीछे छोड़ दिया. उनके बाद इस लिस्ट में फिन एलन 214.11 के स्ट्राइक रेट के साथ दूसरे, प्रियांश आर्य 211.62 के साथ तीसरे और अभिषेक शर्मा 204.72 के स्ट्राइक रेट के साथ चौथे स्थान पर रहे. इस सर्वोच्च मारक क्षमता के लिए वैभव को चमचमाती 'Tata Sierra' कार इनाम में दी गई।

सबसे ज्यादा छक्कों का अवॉर्ड

इस सीजन वैभव की बल्लेबाजी का खौफ ऐसा था कि गेंद सीधे बाउंड्री पार ही नजर आती थी. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कुल 72 गगनचुंबी छक्के उड़ाए. यह आईपीएल के किसी एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे अधिक छक्कों का एक नया सर्वकालिक रिकॉर्ड है. इस शानदार उपलब्धि के लिए वैभव को 10 लाख रुपये की नकद प्राइज मनी से नवाजा गया. इस लिस्ट में सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा 43 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार 41 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जो वैभव के रिकॉर्ड से कोसों दूर थे।

इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन

वैभव सूर्यवंशी को बिना किसी संशय के इस सीजन का 'इमर्जिंग प्लेयर' चुना गया. इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए केवल वे ही खिलाड़ी योग्य थे जिनका जन्म 1 अप्रैल 2000 के बाद हुआ हो, जिन्होंने इस सीजन से पहले 25 से कम आईपीएल मैच खेले हों और जिनके पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कोई अनुभव न हो. प्रियांश आर्य और प्रिंस यादव जैसे प्रतिभावान युवा खिलाड़ी भी इस दौड़ में शामिल थे, लेकिन वैभव के अभूतपूर्व प्रदर्शन के सामने कोई टिक नहीं सका और उन्होंने इस ट्रॉफी पर अपना नाम लिखवाया।

मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन

यह आईपीएल का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित व्यक्तिगत सम्मान माना जाता है, जो पूरे सीजन में खिलाड़ी के ऑलराउंड प्रभाव को दर्शाता है.वैभव सूर्यवंशी ने 436.5 पॉइंट्स अर्जित करके 'मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन' का खिताब अपने नाम किया. गुजरात टाइटंस के धाकड़ तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा इस रेस में दूसरे स्थान पर रहे. इस महा-अवॉर्ड के तहत वैभव को ट्रॉफी के साथ 15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिला.पिछले सीजन में यह गौरव मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने हासिल किया था।

प्रतिष्ठित 'ऑरेंज कैप'

पूरे टूर्नामेंट में रनों की भूख दिखाने वाले वैभव सूर्यवंशी ने कुल 776 रन बनाकर आईपीएल 2026 की प्रतिष्ठित 'ऑरेंज कैप' भी अपने सिर सजाई. उन्होंने खिताबी रेस में गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल (732 रन) और साई सुदर्शन (722 रन) जैसे स्थापित दिग्गजों को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया. ऑरेंज कैप जीतने के साथ ही वैभव को सबसे ज्यादा रन बनाने के शानदार गौरव के रूप में 10 लाख रुपये की अतिरिक्त प्राइज मनी भी प्रदान की गई. वैभव सूर्यवंशी का यह प्रदर्शन केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि उम्र कभी भी प्रतिभा के आड़े नहीं आती. महज 15 वर्ष की आयु में, जहां बच्चे अपने करियर की दिशा तय कर रहे होते हैं, वैभव ने दुनिया की सबसे कठिन और प्रतिस्पर्धी टी20 लीग में सीनियर अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा कर रख दीं।

क्रिकेट पंडितों का मानना है कि वैभव का यह सीजन आईपीएल के इतिहास में किसी भी युवा खिलाड़ी द्वारा किया गया अब तक का सबसे महान प्रदर्शन है. राजस्थान रॉयल्स के प्रबंधन और प्रशंसकों को भले ही ट्रॉफी न मिलने का मलाल रहेगा, लेकिन उन्हें इस बात का संतोष और गर्व जरूर होगा कि उनके पास वैभव सूर्यवंशी के रूप में विश्व क्रिकेट का अगला सबसे चमकीला सितारा मौजूद है. आईपीएल 2026 को हमेशा वैभव के उस तूफान के लिए याद किया जाएगा जिसने क्रिकेट की पुरानी परिभाषाओं को बदलकर रख दिया।