कल धर्मशाला के मैदान पर उतरते ही इतिहास रच देंगे रोहित शर्मा, टूट जाएगा 37 साल पुराना महारिकॉर्ड...
भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से लेकर 20 जून तक 3 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी। दोनों टीमों के बीच पहला वनडे इंटरनेशनल मैच 13 जून को धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि बाकी दो मैच 17 जून को लखनऊ में और 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होंगे। भारत के दिग्गज ओपनर रोहित शर्मा अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में खेलने के लिए तैयार हैं।
रोहित शर्मा कल यानी शनिवार (13 जून) को अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में होने वाले पहले वनडे मैच में उतरते ही इतिहास रच देंगे। भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अपना फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और वह अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में पारी की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं। सीरीज के पहले मैच में भारत की प्लेइंग XI में शामिल होकर, रोहित शर्मा पूर्व भारतीय ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ के 37 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
धर्मशाला के मैदान पर उतरते ही इतिहास रच देंगे रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने वनडे में 11577 रन और इंटरनेशनल क्रिकेट में 20109 रन बनाए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में होने वाले पहले वनडे मैच में उतरते ही रोहित शर्मा ODI मैच खेलने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय क्रिकेटर बन जाएंगे। अभी यह रिकॉर्ड मोहिंदर अमरनाथ के नाम है। 1983 वर्ल्ड कप फाइनल में 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे। मोहिंदर अमरनाथ, 30 अक्टूबर 1989 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच खेलते समय 39 साल और 36 दिन के थे।
ODI खेलने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर कौन?
13 जून 2026 को रोहित शर्मा की उम्र 39 साल और 44 दिन होगी. ODI खेलने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर का ओवरऑल रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज नोलन क्लार्क के नाम है. नोलन क्लार्क 47 साल और 257 दिन के थे, जब उन्होंने 5 मार्च 1996 को रावलपिंडी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डच टीम का प्रतिनिधित्व किया था।
वनडे खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों की लिस्ट में नोलन क्लार्क के बाद जिम्बाब्वे के जॉन ट्राइकोस और इंग्लैंड के नॉर्मन गिफर्ड का नंबर आता है. जॉन ट्राइकोस ने अपना आखिरी वनडे 45 साल और 312 दिन की उम्र में खेला था, जबकि नॉर्मन गिफर्ड ने 44 साल और 361 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था।
रोहित शर्मा के वनडे रिकॉर्ड्स
रोहित शर्मा ने भारत के लिए अब तक 282 वनडे मैचों में 48.84 की औसत से 11577 रन बनाए हैं, जिसमें 3 दोहरे शतक, 33 शतक और 61 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 264 रन रहा. रोहित का यह स्कोर वनडे क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड है। वनडे में रोहित शर्मा के नाम 9 विकेट हैं और उनका बेस्ट प्रदर्शन 27 रन देकर 2 विकेट रहा है. रोहित शर्मा ने 23 जून 2007 को भारत के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था. उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ अपना वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू किया था।