स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर.. 8 जून को एक साथ आएंगे 1 लाख से अधिक के बिजली बिल, तैयारी रखें - UPPCL...
लखनऊ ब्यूरो। रामपुर जिले के एक लाख से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए आठ जून महत्वपूर्ण तारीख होने जा रही है। विद्युत विभाग द्वारा इसी दिन सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिजली बिल एक साथ जनरेट किए जाएंगे।
बिल जारी होते ही उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस से देय राशि की सूचना भेजी जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से समय रहते बिल की जानकारी लेने और भुगतान की तैयारी रखने की अपील की है।
पिछले दिनों शासन स्तर से प्री-पैड व्यवस्था को समाप्त कर जून से प्रथम सप्ताह से उपभोक्ताओं के बिजली बिल जारी करने के निर्देश जारी किए गए थे। इसके अनुपालन में विभाग ने बिल जनरेट कर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की तैयारी है। स्मार्ट मीटर व्यवस्था से जुड़े एक लाख से अधिक जिले के उपभोक्ताओं को पहली बार एक साथ जारी किए जा रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ता अपने मोबाइल पर प्राप्त संदेश के अलावा बिजली विभाग के मोबाइल एप तथा आनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी बिल की राशि और भुगतान की स्थिति देख सकेंगे। जिन उपभोक्ताओं को तकनीकी कारणों से संदेश प्राप्त नहीं होता है या बिल संबंधी कोई अन्य समस्या आती है।
वे विभागीय कार्यालयों अथवा बिजली बिल काउंटरों पर अपनी उपभोक्ता आईडी बताकर बिजली बिल के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अधिशासी अभियंता पीके शर्मा ने कहा है कि बिल जारी होने के बाद निर्धारित अवधि के भीतर भुगतान करना अनिवार्य होगा।
उपभोक्ताओं को भुगतान के लिए लगभग एक सप्ताह का समय मिलेगा। यदि बिल जारी होने के 15 दिनों के भीतर भुगतान नहीं किया जाता है तो नियमानुसार संबंधित उपभोक्ता का विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किया जा सकता है। ऐसे में उपभोक्ताओं को अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
यह भी बताया कि स्मार्ट मीटर प्रणाली का उद्देश्य बिलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध बनाना है। इससे उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के आधार पर बिल प्राप्त होता है और भुगतान की डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध रहती हैं।
हालांकि जनपद के चारों डिवीजन रामपुर नगर, स्वार-टांडा, बिलासपुर, मिलक-शाहबाद डिवीजनों में जिले के लगभग ढाई लाख पारंपरिक (गैर स्मार्ट मीटर धारक) उपभोक्ताओं की बिलिंग व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वे पूर्व की भांति निर्धारित चक्र के अनुसार अपने बिजली बिल प्राप्त कर नियमित प्रक्रिया के तहत उनका भुगतान करेंगे। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा कर अनावश्यक कार्रवाई से बचने की अपील की है।