वाराणसी : लखनऊ अग्निकांड के बाद वाराणसी में ताबड़तोड़ एक्शन, नियमों के उल्लंघन पर 8 कोचिंग संस्थान हुई सील, एक्शन जारी...
वाराणसी ब्यूरो। लखनऊ अग्निकांड की घटना के बाद पूरा देश छात्रों की मृत्यु को लेकर दुखी और आक्रोशित है. कोचिंग संस्थान लाइब्रेरी और व्यावसायिक गतिविधियों वाले बिल्डिंग के लापरवाही को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच वाराणसी में वाराणसी विकास प्राधिकरण की तरफ से मंगलवार के दिन एक अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत नियमों का उल्लंघन करने पर आठ कोचिंग संस्थान को सील कर दिया गया।
वाराणसी विकास प्राधिकरण की तरफ से पूर्ण बोरा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में वाराणसी विकास प्राधिकरण के नियमों के विरुद्ध भवनो का संचालन करने को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. खासतौर पर छात्रों के पढ़ने वाले कोचिंग संस्थान लाइब्रेरी पर भी नजर है।
8 कोचिंग संस्थानों को किया गया सील
वाराणसी विकास प्राधिकरण की तरफ से पूर्ण बोरा ने बताया कि इसी के तहत मंगलवार के दिन मानक के विपरीत संस्थान संचालित करने को लेकर 8 कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है. इसमें L1, ALLEN , AAKASH और महिंद्रा कोचिंग संस्थान शामिल हैं।
अगले 15 दिनों तक चलाया जाएगा अभियान
वाराणसी विकास प्राधिकरण की तरफ से अगले 15 दिनों तक यह अभियान वाराणसी में निरंतर चलाया जाएगा. मानक के विपरीत भवन संचालित होने पर कार्रवाई तय है. इसको लेकर वाराणसी विकास प्राधिकरण की तरफ से अलग-अलग जोन में टीम गठित कर दी गई है. इसके अलावा प्रशासन का साफ कहना है कि किसी भी संस्थान को परेशान करना उद्देश्य नहीं बल्कि सभी की सुरक्षा को सुनिश्चित करना दायित्व है।
लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेश के अलग-अलग शहरों में फायर सेफ्टी को लेकर प्रशासन ने अभियान छेड़ रखा है, उधर कानपुर में भी नियम विरुद्ध तरीके संचालित कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की गई है. कानपुर के चार जोनों में 22 प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. इनमें से पांच प्रतिष्ठानों को केडीए अधिकारियों ने सील कर दिया है।