Headlines
Loading...
मथुरा में 84 कोस परिक्रमा के दौरान महिला के पैर में धंसी गोली, 15 दिन तक कंकड़ समझकर बांधती रही पट्टी, X-Ray ने उड़ाए होश...

मथुरा में 84 कोस परिक्रमा के दौरान महिला के पैर में धंसी गोली, 15 दिन तक कंकड़ समझकर बांधती रही पट्टी, X-Ray ने उड़ाए होश...

यूपी न्यूज। मथुरा-वृंदावन में बृज 84 कोस की परिक्रमा कर रही मध्य प्रदेश की एक महिला के पैर में अचानक बंदूक की गोली धंस गई। दर्द हुआ, खून बहा, लेकिन महिला ने सोचा कि परिक्रमा मार्ग का कोई तीखा कंकड़ चुभ गया है।इसी 'कंकड़' के भरोसे महिला ने 15 दिनों तक पैर पर कपड़े की पट्टी बांधी और पूरी श्रद्धा से परिक्रमा पूरी कर अपने गांव लौट आई। जब घाव नहीं भरा और ब्यावरा के अस्पताल में एक्स-रे हुआ, तो रिपोर्ट देखकर खुद डॉक्टरों के पैर तले जमीन खिसक गई। पैर के अंदर जो मिला, उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

भंडारे के विवाद में हुई क्रॉस फायरिंग की शिकार हुई महिला

ब्यावरा सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान से मिली जानकारी के अनुसार, चाचौड़ा क्षेत्र के खातोली गांव की रहने वाली 35 वर्षीय भूरिया बाई पति मिश्रीलाल लोढ़ा 26 मई को अपने परिजनों और ग्रामीणों के साथ मथुरा-वृंदावन की धार्मिक यात्रा पर गई थीं।

परिक्रमा मार्ग में विवाद के दौरान गोलियां चलीं थी, वहीं लगी

27 मई को एकादशी के पावन मौके पर वे परिजनों के साथ 84 कोस की परिक्रमा कर रही थीं। इसी दौरान मथुरा के महोली गांव के पास एक भंडारे को लेकर दो पक्षों में खूनी विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ क्रॉस फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं भूरिया बाई के पैर में आकर एक गोली धंस गई।

कंकड़ चुभना समझा और पूरी की 84 कोस की परिक्रमा

गोली लगते ही भूरिया बाई को तेज दर्द हुआ और पैर से खून बहने लगा। हालांकि, उन्होंने सोचा कि परिक्रमा मार्ग में कोई नुकीला कंकड़ या पत्थर उनके पैर में चुभ गया है। आस्था के सैलाब के आगे उन्होंने दर्द की परवाह नहीं की और पैर पर कपड़े की एक पट्टी बांधी और अपनी 84 कोस की परिक्रमा पूरी श्रद्धा के साथ पूरी की।

15 दिन बाद गांव लौटीं, ब्यावरा में एक्स-रे ने खोला राज

परिक्रमा पूरी कर जब महिला अपने गांव वापस लौटी, तब भी उनके पैर का घाव ठीक नहीं हुआ और लगातार खून का रिसाव होता रहा। करीब 15 दिन बीत जाने के बाद जब दर्द असहनीय हो गया, तो परिजन उन्हें राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

एक्स-रे देख डॉक्टर भी हैरान रह गए, पैर में बुलेट धंसी थी

अस्पताल में डॉक्टरों ने जब पैर की स्थिति देखी तो तुरंत एक्स-रे कराने की सलाह दी। एक्स-रे की रिपोर्ट आते ही सब दंग रह गए, क्योंकि महिला के पैर के अंदर कंकड़ नहीं बल्कि एक बंदूक की गोली साफ नजर आ रही थी। इसके बाद घटना के ठीक 17वें दिन डॉक्टरों की टीम ने महिला के पैर का सफल ऑपरेशन कर अंदर फंसी गोली को बाहर निकाला। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन इस पूरे मामले की चर्चा इलाके में तेजी से फैल रही है।