Headlines
Loading...
वाराणसी में अब AI वॉट्सऐप चैटबॉट से हाउस टैक्‍स व वाटर टैक्‍स जमा करने की होगी सुविधा, यूपी का पहला जिला बना काशी...

वाराणसी में अब AI वॉट्सऐप चैटबॉट से हाउस टैक्‍स व वाटर टैक्‍स जमा करने की होगी सुविधा, यूपी का पहला जिला बना काशी...

वाराणसी: उत्‍तर प्रदेश के वाराणसी में रहने वाले लोग अब वॉट्सऐप चैटबॉट के माध्‍यम से भी गृह कर, जल कर और सीवर कर जमा कर सकते हैं। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने बटन दबाकर एआई चैटबॉट का शुभारंभ किया। इस प्रकार से वाराणसी नगर निगम यूपी का पहला निकाय बन गया है जहां इस तरह की सुविधा है। इसका नंबर 8601872601 है। 

सेवा का लाभ लेने के लिए इस नंबर पर लोगों को Hi लिखकर भेजना होगा। इसके बाद इस पर मकान नंबर और मकान आईडी नंबर दर्जकर कर जमा किया जा सकता है।

15 जुलाई तक गृह कर, जल कर और सीवर कर जमा करने पर 10 प्रतिशत विशेष छूट, ऑनलाइन भुगतान पर 2 प्रतिशत अतिरिक्‍त छूट अर्थात कुल 12 प्रतिशत छूट का लाभ लोग उठा सकते हैं। साथ ही स्‍वतंत्रता संग्राम सेनानियों और पद्म पुरस्‍कारों से सम्‍मानित लोगों को करों में 50 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है।

अगले वित्‍तीय वर्ष में समाहित हो जाएगी छूट की राशि

शहर वालों को अब छोटी चीजों के लिए नगर निगम के चक्‍कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शहर के 2.33 लाख भवन स्‍वामियों को यह सुविधा उपलब्‍ध कराई गई है। नगर आयुक्‍त ने कहा कि यह सुविधा डिजिटल ट्रांजैक्‍शन को बढ़ावा देने के उद्देश्‍य से शुरू की गई है। उन्‍होंने उन करदाताओं को आश्‍वस्‍त किया जिन्‍होंने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच टैक्‍स जमा किया था, उनकी छूट की राशि अगले वित्‍तीय वर्ष में समायोजित कर दी जाएगी।

8601872601 नंबर पर Hi लिखकर भेजना होगा

इस सेवा का लाभ उठाने के लिए भवन स्‍वामियों को अपने वॉट्सऐप से 8601872601 नंबर पर Hi लिखकर भेजना होगा। संदेश भेजते ही चैटबॉट की तरफ से दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। इसके कुछ समय बाद ही टैक्‍स बिल वॉट्सऐप पर आ जाएगा। उपभोक्‍त वहीं से तत्‍काल भुगतान कर अपनी रसीद डाउनलोड कर सकते हैं।