'अब मैं दूध नहीं पीता,' वैभव सूर्यवंशी ने बताया अपनी ताकत का राज, अगले सीजन के लिए किया यह वादा...
आईपीएल 2026 में एक शख्स जो सबसे ज्यादा चर्चा में रहा कि वह हैं वैभव सूर्यवंशी। 19वें सीजन में उन्होंने 776 रन बनाए। साथ ही इस पूरे सीजन 72 छक्के लगाए। इसके अलावा वैभव ने 237.30 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों में खौफ पैदा कर दिया। वैभव ने अपने प्रदर्शन से कुल पांच अवार्ड जीते। मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर का खिताब जीतने के बाद उन्होंने कहा कि वह ताकतवर होने के लिए अब दूध नहीं पीते हैं।
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले 15 साल के आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में नया इतिहास रचा। वह आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और उन्हें ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली। वैभव ने सीजन में सबसे ज्यादा 776 रन बनाए। उनके बाद दूसरे पायदान पर शुभमन गिल(732) और तीसरे पर साई सुदर्शन (722) रहे। साई सुदर्शन आईपीएल 2025 में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। अब वैभव ऑरेंज कप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
'मैं अगले सीजन बेहतर करने की...'
अवार्ड समारोह के दौरान वैभव ने कहा, अच्छा लग रहा है, लेकिन थोड़ा दबाव महसूस हो रहा है क्योंकि मैं यहां इंटरव्यू के लिए आया हूं। लेकिन हां, यह गर्व का पर है, बहुत अच्छा लग रहा है और मैं अगले सीजन में और भी बेहतर करने की कोशिश करूंगा।
'मैं अभी दूध नहीं पी रहा'
दबाव और अपनी निडर बल्लेबाजी पर कहा, सर, मैं अभी दूध नहीं पी रहा हूं। लेकिन हां, मैं बस अपने खेल पर भरोसा करने की कोशिश करता हूं। अगर मुझे लगता है कि पहली गेंद मेरे जोन में है और मैं उसे हिट कर सकता हूं, तो मैं पूरी ताकत लगा देता हूं और उसी तरह खेलने की कोशिश करता हूं।
'बहुत कुछ सीखा'
इस सीजन से उन्होंने क्या सीखा के सवाल पर वैभव ने कहा, इस सीजन में, मैंने दबाव वाली स्थितियों में खेलना और परिस्थितियों के अनुसार अपने खेल को बदलना सीखा। आप हर मैच एक ही मानसिकता के साथ नहीं खेल सकते। आपको खेल की स्थिति को समझना होगा और टीम की आवश्यकता के अनुसार खेलना होगा। मैंने इसके बारे में बहुत कुछ सीखा, खासकर प्लेऑफ मैचों में।
इसके अलावा वैभव ने जियो हॉटस्टार से बातचीत करते हुए कहा कि वह और बेहतर बनाने चाहते हैं। वैभव ने कहा कि वह लंबे समय तक खेलना चाहते हैं। इसके लिए वह इंजरी और अन्य समस्याओं से दूर रहना चाहेंगे। सूर्यवंशी ने कहा कि वह अपनी फिटनेस पर काम करना है।