वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद भी इंडिया ए को त्रिकोणीय वनडे सीरीज में मिली लगातार दूसरी हार...
वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी के बावजूद इंडिया ए को त्रिकोणीय वनडे सीरीज में लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर में 9 विकेट पर 349 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। जवाब में अफगानिस्तान ए को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) नियम के तहत 38 ओवर में 294 रन का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने बारिश के कारण खेल रोके जाने तक हासिल कर लिया।
भारत की शुरुआत शानदार रही. युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 22 गेंदों में 44 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें नौ चौके शामिल थे. उन्होंने बिना कोई छक्का लगाए 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. वैभव और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई. हालांकि वैभव बड़ी पारी खेलने से चूक गए और 44 रन पर आउट हो गए.इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने 69 गेंदों में 84 रन, कप्तान तिलक वर्मा ने 73 गेंदों में 66 रन और उपकप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 80 गेंदों में 66 रन बनाकर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अफगानिस्तान की ओर से
अब्दुल्ला अहमदजई ने पांच विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान ए को कप्तान इमरान और हसन इसाखिल ने आक्रामक शुरुआत दिलाई. बाद में बहिर शाह और इमरान ने पारी को संभाला. मैच का सबसे चर्चित पल तब आया जब 25.5 ओवर में इमरान को एक करीबी फैसले में जीवनदान मिला। टीवी अंपायर ने लंबी जांच के बाद उन्हें नॉट आउट करार दिया. इसके बाद इमरान और बहिर शाह के बीच 108 रन की अटूट साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
बारिश के कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका और डीएलएस नियम के तहत अफगानिस्तान ए लक्ष्य से चार रन आगे रहा, जिससे भारत ए को हार झेलनी पड़ी. मैच का नतीजा भले ही भारत के पक्ष में नहीं गया, लेकिन युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने टीम प्रबंधन को कई सकारात्मक संकेत जरूर दिए हैं।