दबंगों से परेशान महिला कलेक्टर के पैरों में गिरी, रोते हुए बोली- साहब! बेटी के साथ रोज होती है छेड़छाड़, बचा लो...
जबलपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब घमापुर थाना क्षेत्र की एक महिला अपनी बेटी के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंची और न्याय की मांग करते हुए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के पैरों में गिर पड़ी। महिला ने रोते हुए कलेक्टर को बताया कि उसे और उसकी बेटी को दबंगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से बेहद परेशान है। इस दौरान कलेक्टर के पास खड़े जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने महिला की शिकायत सुनी। इसके बाद प्रकरण एसपी के पास भेज दिया गया।
घर में घुसकर मारपीट और कोर्ट केस वापस लेने का दबाव
इधर घमापुर थाना अंतर्गत पीड़ित महिला पूजा दुबे के मुताबिक उसके मोहल्ले में रहने वाले हनी बेन और उसके परिवार से विवाद हुआ था। वह उसकी नाबालिग बेटी को ले गया। इसके बाद ही महिला ने इसका विरोध किया तो हनी और उसके परिवार वालों ने उसके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं उसके घर में घुसकर घसीटते हुए मारा, जिसकी शिकायत उसने पुलिस में दर्ज कराई थी।
मामला वर्तमान में न्यायालय में भी विचाराधीन है। अब महिला का आरोप है कि अब उसी प्रकरण को वापस लेने के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। समझौता नहीं करने पर संबंधित लोग उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हैं, बेटी और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए धमकियां देते हैं और उसके परिवार में भय का माहौल बना रहे हैं।
घमापुर पुलिस पर अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप
महिला अपनी बेटी के साथ मंगलवार को उस वक्त कलेक्ट्रेट पहुंची, जब कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के दफ्तर से बाहर निकलते ही राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों का निरीक्षण करने जा रहे थे। महिला उनके पैरों में गिर गई और रोते हुए आपबीती बताई। पीड़ित महिला की शिकायत को जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने गंभीरता से सुना और तत्काल एसपी से बात कर इस पर कार्रवाई करने को कहा।
हालांकि महिला ने घमापुर पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। का कहना है कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर उसकी बात सुनने के बजाय उसके और उसके पति के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। महिला ने मारपीट और अपमानित किए जाने के आरोप भी लगाए। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
नाबालिग बेटी के अपहरण और छेड़छाड़ की शिकायत
कलेक्टर के पैरों पर गिरकर मदद की गुहार लगाने वाली पूजा दुबे शीतलामाई में रहती हैं। उसने बताया कि घर से करीब आधा किलोमीटर दूर रहने वाला हनी बेन उसकी बेटी को हर दिन छेड़ता है। जब इसकी शिकायत की तो पुलिस ने उसे थाने के खूब चक्कर कटवाए, लेकिन मदद नहीं की।जब मैंने ही पता लगाया तो जानकारी मिली कि मेरी नाबालिग बेटी को हनी बेन गढ़ाकोटा सागर ले गया है, जिसकी जानकारी एसपी को भी दी थी। जब दो दिन बाद बेटी को वापस लाकर हमें सौंप दिया, पुलिस ने हनी के खिलाफ कार्रवाई की, उसका जुलूस भी निकाला, पर उसी दिन कोर्ट से उसे जमानत मिल गई। तब से लेकर हमेशा किसी न किसी बात से वह हनी बेन और उसका पूरा परिवार परेशान कर रहा है।