वाराणसी में सपाइयों ने बढ़ती महंगाई, अपराध और बिजली सहित पेपर लीक पर सरकार को घेरा, मुख्यालय जाने से पुलिस ने रोका...
वाराणसी। गैस सिलिंडर, पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में वृद्धि, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लिक होने, अघोषित बिजली कटौती और 10 प्रतिशत टैरिफ चार्ज के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शास्त्री घाट पर प्रदर्शन कर सभा की।
केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय की ओर जब बढ़े तो पुलिस ने रोक दिया, इसको लेकर जमकर नोकझोंक हुई। ऐसे में कार्यकर्ता आंबेडकर पार्क का परिक्रमा कर शास्त्री घाट पर लौट आए। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट तृतीय देवेंद्र कुमार को सौंपा।
सरकार पर हमला बोलते हुए जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। घरेलू गैस सिलिंडर, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरतों के सामानों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग ज्यादा परेशान हैं। किसानों को पर्याप्त डीजल नहीं मिल रहा है।
स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार में सपा कार्यकर्ताओं को चिह्नित कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। सभा का संचालन करते हुए जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है।
सभा में पूर्व विधायक उदयलाल मौर्य, पूर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव, किशन दीक्षित, राजू यादव, आनंद मौर्या, डा. उमाशंकर सिंह यादव, डा. ओपी सिंह, विष्णु शर्मा, डा. सुभाष राजभर, शुभम गुप्ता, यादव, हरीश मिश्रा, महेंद्र सिंह यादव, लालू यादव, उमेश प्रधान, अखिलेश मिश्रा, जगन्नाथ कुशवाहा, कमलेश पटेल, आनंद सिंह, अभिषेक मिश्रा, अखिलेश यादव, आकाश मौर्या आदि मौजूद थे।