Headlines
Loading...
गोली चलाएगा रे... फेसबुक लाइव कर पुलिस को चुनौती दे रहे युवक का हुआ एनकाउंटर, थानेदार पर भी तान दी थी पिस्टल...

गोली चलाएगा रे... फेसबुक लाइव कर पुलिस को चुनौती दे रहे युवक का हुआ एनकाउंटर, थानेदार पर भी तान दी थी पिस्टल...

बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस ने एक युवक का एनकाउंटर कर दिया है। एक दिन पहले युवक ने थानेदार समेत पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तानकर धमकाया था। उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।वह फेसबुक लाइव कर खुलेआम पुलिस को चुनौती देने लगा। युवक मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। 

पुलिस बुधवार सुबह जब उसे पकड़ने पहुंची तो घंटों तक हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। युवक ने फेसबुक पर कई वीडियो लाइव किए और पुलिस पर बेखौफ होकर गोलियां भी चलाईं। उसे काबू में करने के लिए पुलिस को जवाबी फायरिंग भी करनी पड़ी।

बताया जा रहा है कि उसे दो गोलियां लगीं। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पटना रेफर कर दिया गया। पटना के पीएमसीएच अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में वह बंदूक दिखाकर यह कहते हुए पुलिस वालों को कहते हुए नजर आ रहा है- गोली चलाएगा रे…!

एसडीएम को जान से मारने की धमकी दी थी

युवक का नाम भरत तिवारी बताया जा रहा है। वह शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव का रहने वाला है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसके पिता रिटायर्ड पुलिस चालक हैं। युवक की कई दिनों से मानसिक स्थिति खराब बताई जा रही है। उसने अपने फेसबुक अकाउंट पर कई वीडियो पोस्ट किए हैं, जिनमें वह पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जहर उगलता नजर आया। एक पोस्ट में उसने जगदीशपुर एसडीएम को जान से मारने की धमकी भी दे दी थी।

थानेदार पर तानी पिस्टल

इसके बाद भोजपुर पुलिस ने युवक के बारे में जानकारी जुटाई, तो पता चला उसकी मानसिक हालत खराब है। मंगलवार को जब पुलिस उसके घर पहुंची, तो उसने पुलिसकर्मियों पर पिस्टल तान दी थी। थानाध्यक्ष राजेश मालाकार और घर की एक महिला सदस्य ने उसे समझाकर शांत कराया। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें युवक पुलिस के सामने खाट पर बैठे पिस्टल ताने हुए दिख रहा है।

भोजपुर एसपी राज ने बताया कि युवक कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसकी पिस्टल भी अवैध है। उसे हथियार कहां से मिला इसकी जांच की जा रही है।

एसपी कार्यालय से बुधवार शाम को जारी जारी बयान में कहा गया कि आरोपी पिस्टल लहराते हुए रुक-रुक कर फायरिंग कर रहा था। इससे जानमाल का गंभीर पैदा हो गया था। उसे काबू में करने के लिए एसटीएफ के जवानों ने बुलेटप्रूफ जैकेट के साथ उस व्यक्ति की क्लोज कॉडनिंग की। जब जवान उसकी तरफ बढ़े तो उसने पुलिस को लक्ष्य कर फायरिंग कर दी। एसटीएफ के जवानों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने युवक के पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और दो खोखा बरामद किए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की कार्यवाही में जुटी है।