अखिलेश के बेटा-बेटी ने सांसद प्रिया सरोज के साथ किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन, मिठाई की दुकान पर लिया बनारसी मिठाइयों का स्वाद...
वाराणसी, न्यूज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पुत्र अर्जुन यादव और पुत्री टीना यादव रविवार को काशी में थे। बाबा विश्वनाथ का व संकट मोचन मंदिर में दर्शन-पूजन किया।मिठाई की दुकान पर गए और बनारसी पेड़ा, रसगुल्ला आदि का स्वाद लिया।
अर्जुन-टीना दोपहर बाद मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज के साथ श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन और दूध-जल से अभिषेक किया। परिसर में विराजमान अन्य विग्रहों में भी पूजा-अर्चना की। बाबा का दर्शन कर दोनों भाव विभोर और उनके चेहरे की चमक देखते बनी।
सपा सुप्रीमो के पुत्र-पुत्री के काशी आगमन की जानकारी मिलते ही कार्यकर्ता उत्साहित हो गए और उनसे मिलने के लिए मंदिर के बाहर डट गए। अर्जुन और टीना को श्रीकाशी विश्वनाथ का चित्र और अंगवस्त्रम देकर अभिनंदन किया।
संकट मोचन मंदिर जाकर भी दोनों ने पूजा-अर्चना की। सपा कार्यकर्ता मनीष यादव की मिठाई की दुकान पर गए। काशी दर्शन यात्रा को काफी सुखद बताया। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, समन यादव, मनोज यादव आदि साथ थे।