Headlines
Loading...
मारे गए कुख्यात लल्‍लन सिंह ने लक्सा थाना के दारोगा को दो भाइयों संग गोली मारकर लूटी थी सरकारी रिवाल्वर, जानें आपराध‍िक इत‍िहास...

मारे गए कुख्यात लल्‍लन सिंह ने लक्सा थाना के दारोगा को दो भाइयों संग गोली मारकर लूटी थी सरकारी रिवाल्वर, जानें आपराध‍िक इत‍िहास...

वाराणसी। बिहार के समस्तीपुर जिला अंतर्गत आनंदगोलवा गांव निवासी ललन सिंह उर्फ लल्लन सिंह के मारे जाने की सोमवार सुबह मिली तो इस खबर ने बनारस के लोगों ने राहत की सांस ली। दरअसल, अधिकांश लोगों के जेहन में वर्ष 2022 के आठ नवंबर की याद ताजा हो गई, जिसमें ललन सिंह उसके भाइयों मनीष सिंह उर्फ बउवा, रजनीश सिंह ने रोहनिया में दारोगा अजय यादव (तत्कालीन समय में कमिश्नरेट के थाना लक्सा में तैनात रहे) को गोली मार दी और उनकी सर्विस रिवाल्वर लूटकर फरार हो गए।

हालांकि उस घटना को चुनौती के रूप में लेते हुए कमिश्नरेट पुलिस से 13 दिन बाद ललन के भाई रजनीश और मनीष पुलिस से मुठभेड़ में ढेर हुए और दारोगा से लूटी गई रिवाल्वर बरामद हो गई थी। ललन के खिलाफ वाराणसी के थानों में पांच व चंदौली के सकलडीहा थाना में एक नवंबर 2022 को लालब्रत चौहान को गोली मारकर पल्सर मोटर साइकिल लूटने का केस दर्ज है।

कमिश्नरेट में तैनात वर्ष 2015 बैच के अजय यादव रोहनिया अंतर्गत जगतपुर में बन रहे अपने मकान को देखने गए थे। बाइक सवार ललन सिंह अपने भाइयों मनीष सिंह और रजनीश सिंह के साथ मोटर साइकिल से पीछा कर दारोगा को रोका और उनके सीने में गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए थे।

बिहार में लूट ओर गोली मारने की इस घटना के बाद बिहार के तीनों कुख्यात बदमाश सुर्खियों में छा गए। हालांकि, इस घटना से पूर्व रोहिनयां और बड़ागांव पुलिस ने (धारा 174) ललन को भगोड़ा घोषित किए जाने का तो लंका पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया था। बिहार में पहले से डकैती, लूट, हत्या के कई वारदात कर चुके तीनों भाई पुलिस के हथियार लूटकर वे और खतरनाक हो गए थे।

आशंका थी कि वाराणसी में पुलिस से मुठभेड़ में दोनों भाइयों के मारे जाने के कारण ललन जनपद में कभी बड़ी वारदात कर सकता है। इसी आशंका में कमिश्नरेट पुलिस ने उसके खिलाफ एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था। वाराणसी पुलिस और एसटीएफ आदि ललन की तलाश में थी ही कि सहारनपुर में एसटीएफ ने रविवार देर रात कारनामा कर दिया।

ललन सिंह का पूर्वांचल में अपराधिक इतिहास

- 30 अक्टूबर 2022 को थाना लंका में चोरी का मुकदमा।
-01 नवंबर 2022 को थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली में हत्या का प्रयास व लूट का मुकदमा।
-08 नंवबर 2022 को थाना रोहनियां में हत्या का प्रयास व लूट का मुकदमा।
-21 नवंबर 2022 बड़ागांव में हत्या के प्रयास का मुकदमा।
-21 अप्रैल 2023 को रोहनियां पुलिस ने ललन को भगोड़ा घोषित कराया।
-15 मई 2023 को बड़गांव पुलिस ने ललन को भगोड़ा घाेषित कराया।