Headlines
Loading...
भारतीय टीम से शर्मनाक हार के बाद क्या बोलीं पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना, किसे ठहराया 64 रन की हार का जिम्मेदार? जानें...

भारतीय टीम से शर्मनाक हार के बाद क्या बोलीं पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना, किसे ठहराया 64 रन की हार का जिम्मेदार? जानें...

बर्मिंगम: भारत ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत जीत के साथ की है. रविवार, 14 जून को खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से करारी शिकस्त दी. भारत ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी व फील्डिंग में कमाल का प्रदर्शन किया.भारत से मिली इस शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना काफी निराश नजर आईं. उन्होंने माना कि आने वाले मैचों में उनकी टीम को बेहतर खेल दिखाना होगा।

एजबेस्टन में मैच गंवाने के बाद पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह बेहद निराशाजनक रहा, खासकर बल्लेबाजी के लिहाज से. हमें अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा, क्योंकि विश्व कप में अभी हमारा सफर लंबा है।'

भारत ने आखिरी ओवरों में किया कमाल का प्रदर्शन

16.3 ओवरों के खेल तक भारत का स्कोर 123/5 था. इसके बाद टीम इंडिया ने 20 ओवरों के खेल तक 6 विकेट खोकर 170 रन बना लिए. इसमें पारी के 19वें ओवर में बने 23 रन भी शामिल हैं. हार का कारण बताते हुए पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, 'मुझे लगता है कि 15 ओवरों तक हम अच्छी स्थिति में थे. उसके बाद हमने कुछ अतिरिक्त रन दे दिए. एक समय हमारे एक फील्डर की पोजिशनिंग में भी गलती हुई, जिसका हमें नुकसान उठाना पड़ा. हम अगले मुकाबलों में इनमें सुधार करने की कोशिश करेंगे।'

पाकिस्तान ने स्मृति को दिए दो जीवनदान

पाकिस्तान की हार का बड़ा कारण उसकी खराब फील्डिंग भी रही. पाकिस्तान ने स्मृति मंधाना को दो-दो जीवनदान दिए. पहले 27 और फिर 54 के निजी स्कोर पर उनके कैच छोड़े. मंधाना ने 68 रन की कमाल की पारी खेली. मैच के बाद सना ने माना कि खराब फील्डिंग का खमियाजा उनकी टीम को भुगतना पड़ा. उन्होंने कहा 'जाहिर तौर पर कैच ही मैच जिताते हैं. दुर्भाग्य से हमने कैच छोड़े, खासकर सीनियर प्लेयर्स ने. मेरा मानना है कि अगले मैच में हमें गेंदबाजी और फील्डिंग दोनों में सुधार करना होगा, क्योंकि मैदान पर की गई छोटी-छोटी गलतियां पूरे मैच का नतीजा बदल सकती हैं. हम अपनी योजनाओं को अमल में लाने और मैच से पहले तय की गई रणनीति पर टिके रहने की कोशिश कर रहे थे।

'पावरप्ले में पाकिस्तान की मजबूत शुरुआत, दीप्ति के 'पंजे ने किया घायल'

भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए. इसके जवाब मे पाकिस्तानी टीम शुरुआती 6 ओवरों में 1 विकेट खोकर 52 रन बना चुकी थी, लेकिन इसके बाद टीम 17 ओवरों में सिर्फ 106 रन पर सिमट गई. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा पांच विकेट हासिल किए. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पाकिस्तान टीम की शुरुआत अच्छी रही थी। पावरप्ले में टीम ने एक विकेट पर 52 रन बनाए थे. जो टी20 वर्ल्ड कप में उसका अभी तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है. हालांकि इसके बाद टीम पटरी से उतर गई और उसने लगातार अंतराल पर विकेट खोए. पावरप्ले में बल्लेबाजी को लेकर पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, 'हम सकारात्मक रवैये के साथ खेलने की कोशिश कर रहे थे. हमने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में पावरप्ले का दौर अपने नाम किया, लेकिन उसके बाद हमारी बल्लेबाजी बिखर गई. आगे बेहतर नतीजे हासिल करने के लिए हमें अपनी बल्लेबाजी में सुधार करना होगा।'