भोपाल पुलिस कमिश्नर ऑफिस में आज युवक को आया हार्ट अटैक, दो जवानों ने पांच मिनट में ही CPR कर लौटा दी सांसें...
बड़ी खबर : भोपाल पुलिस कमिश्नर के ऑफिस में दो जवानों का मानवीय चेहरा देखने को मिला है। भोपाल पुलिस कमिश्नर ऑफिस में काम से आए एक युवक को हार्ट अटैक आ गया था। दो कॉन्स्टेबल ने तत्परता दिखाई और युवक की जान लौटा दी है। घटना का वीडियो सामने आया है।
सीपीआर देकर बचाई जान
दरअसल, भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय में देवेंद्र सक्सेना को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। समय पर सीपीआर मिलने से उनकी जान बच गई। पुलिस जवानों की सूझबूझ ने एक परिवार को उजड़ने से बचा लिया।
पुलिस कमिश्नर के ऑफिस में हादसा
हादसा सीपी ऑफिस में हुआ। देवेंद्र सक्सेना अपने काम से आए थे। तभी उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास अफरा-तफरी मच गई। तभी ड्यूटी पर तैनात आरक्षक मुकेश साहू और रणजीत रघुवंशी तुरंत दौड़े। दोनों ने बिना समय गंवाए सीपीआर देना शुरू कर दिया।
पांच मिनट तक दी सीपीआर
करीब पांच मिनट तक लगातार सीपीआर देने के बाद देवेंद्र की धड़कन वापस आ गई। उनकी सांसें लौट आईं। मौके पर मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद आरआई जयसिंह तोमर ने देर न करते हुए अपने वाहन से उन्हें तुरंत अनंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर सीपीआर मिलने से मरीज की जान बच गई। देरी होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
जवानों की संवेदनशीलता की तारीफ
पुलिस कमिश्नर कार्यालय में हुई इस घटना ने साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून की रखवाली नहीं करती, जान भी बचाती है। आरक्षक मुकेश और रणजीत की त्वरित मदद की हर तरफ तारीफ हो रही है।
गौरतलब है कि भोपाल पुलिस ने बताया कि सभी जवानों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया जाता है ताकि इमरजेंसी में तुरंत मदद की जा सके। देवेंद्र सक्सेना अब खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। पहले भी पुलिस के जवान लोगों की जान बचा चुके हैं।