Headlines
Loading...
वाराणसी में आज ब्रिक्स CWG बैठक में शुरू हुई सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर आगे चर्चा...पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह रात्रि भोजन में होंगे शामिल...

वाराणसी में आज ब्रिक्स CWG बैठक में शुरू हुई सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर आगे चर्चा...पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह रात्रि भोजन में होंगे शामिल...

वाराणसी, ब्यूरो। ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह (सीडब्ल्यूजी) की होटल ताज में दूसरे दिन शुक्रवार को बैठक जारी रही। ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग की प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर आगे की चर्चा शुरू की। इसमें सदस्य देशों से आए प्रतिनिधि अपने विचार साझा करेंगे। 
उम्मीद है कि इसमें एक समावेशी कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी जिस पर ब्रिक्स के सदस्य देश मिलकर काम करेंगे। इसके पूर्व रचनात्मक अर्थव्यवस्था पर बल देने के लिए गुरुवार को चर्चा हुई। साथ ही कापीराइट के संरक्षण के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) के दखल पर भी चिंता जतायी।

ब्रिक्स प्रतिनिधियों का समावेशी विकास, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ाने और डिजिटल नवाचार के लिए साझा प्रयास पर मंथन हुआ। पैनल में पहली चर्चा रचनात्मक अर्थव्यवस्था में जन-सहयोग, नवाचार, साझेदारी और इस पर होने वाले कार्यों को लेकर हुई। बैठक की अध्यक्षता भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल कर रहे हैं।

काशी में चल रही दूसरी बैठक में भारत के अलावा सदस्य 10 देशों में से ब्राजील, चीन, इंडोनेशिया, ईरान, दक्षिण अफ्रीका व संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधि व्यक्तिगत रूप से शामिल हुए हैं। तीन देशों इथियोपिया, मिस्र व रूसी संघ के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

आज कार्यक्रम कें अंत में प्रदेश सरकार के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ब्रिक्स प्रतिनिधियों को रात्रि भोज देंगे। भोज में जहां काशी और पूर्वांचल की खान पान होगा तो शिल्प कला की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही संगीत की समृद्ध विरासत से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा।