बिहार में दरिंदगी: पति को बंधक बनाकर महिला से गैंगरेप, प्राइवेट पार्ट में बुलेट; कंकड़ व लकड़ी डाली, जाँच में हुआ खुलासा, FIR दर्ज...
बेगूसराय, क्राइम न्यूज। बिहार के बेगूसराय जिले के चकिया थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ हुई दरिंदगी की घटना ने राजधानी दिल्ली के निर्भया कांड की भयावह यादें ताजा कर दी हैं। सामूहिक दुष्कर्म के सात दिन बाद पीड़िता के गुप्तांग से जांच के दौरान गोली, कंकड़ और लकड़ी के टुकड़े निकाले जाने के बाद पूरे जिले में सनसनी है। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और वह असहनीय दर्द से कराह रही है।
बीते 11 जून की रात हुए सामूहिक दुष्कर्म के बाद पुलिस ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया था लेकिन अगले दिन ही महिला को डिस्चार्ज किए जाने से अस्पताल की जांच प्रकिया और पुलिस कार्यशैली भी सवालों के घेरे में है।
प्रारंभिक इलाज के बाद डिस्चार्ज, बाद में बढ़ी पीड़ा से सामने आई सच्चाई
पीड़िता को पहले सदर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था, लेकिन लगातार दर्द बढ़ने पर दोबारा जांच में गंभीर आंतरिक चोटों का पता चला।
जांच में शरीर के अंदर से गोली, कंकड़ और लकड़ी मिलने का दावा
चिकित्सकीय जांच के दौरान पीड़िता के शरीर से गोली का टुकड़ा, कंकड़ और लकड़ी जैसी वस्तुएं मिलने की बात सामने आई, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
पांच लोगों ने किया सामूहिक दुष्कर्म और बेरहमी से की पिटाई
पीड़िता ने बयान में बताया कि पांच लोगों ने उसे जबरन पकड़कर सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया और विरोध करने पर मारपीट की।
ब्लेड से हमला और बेहोशी के दौरान अमानवीय अत्याचार का आरोप
पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने शरीर पर ब्लेड से वार किए और बेहोशी की स्थिति में उसके साथ और भी क्रूरता की गई।पहले भी हमले का आरोप, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
पीड़िता ने बताया कि कुछ महीने पहले भी उस पर हमला और दुष्कर्म की कोशिश हुई थी, लेकिन उस समय प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों का मनोबल बढ़ा।
विशेष टीम गठित, कार्रवाई का आश्वासन
मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जा रही है। अब तक की जांच में पीड़िता के आरोप प्रथम दृष्टया सत्य प्रतीत हो रहे हैं। घटना में शामिल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापामारी की जा रही है। साथ ही, यदि प्रारंभिक शिकायतों पर कार्रवाई में किसी पुलिस पदाधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
-- मनीष कुमार, एसपी, बेगूसराय (बिहार)।