Headlines
Loading...
Ind W Vs Sa W: साउथ अफ्रीका ने रोका टीम इंडिया का विजय रथ, मारिजाने कैप ने भारत के जबड़े से छीना मैच...

Ind W Vs Sa W: साउथ अफ्रीका ने रोका टीम इंडिया का विजय रथ, मारिजाने कैप ने भारत के जबड़े से छीना मैच...

IND Women vs SA Women: मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप-1 मुकाबले में साउथ अफ्रीका की स्टार ऑलराउंडर मारिजाने कैप ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए भारत को टूर्नामेंट में पहली शिकस्त दी। कैप ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली, जिसकी बदौलत प्रोटियाज टीम ने 159 रनों के लक्ष्य को 19.1 ओवर में हासिल कर रोमांचक जीत दर्ज की। 

इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट में खेले गए तीन मैचों में अपनी दूसरी सफलता हासिल की। वहीं, भारतीय महिला टीम को तीन मुकाबलों में पहली बार हार का सामना करना पड़ा। 

एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच 18 गेंदों में 30 रन की साझेदारी हुई। स्मृति मंधाना 12 गेंदों में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद शेफाली ने यास्तिका भाटिया के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 रन जोड़े।

लगाकार गिरते रहे टीम इंडिया के विकेट

शेफाली ने 15 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 31 रन की पारी खेली। भारतीय टीम 83 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दीप्ति शर्मा के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।

हरमनप्रीत 22 गेंदों में 2 चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद दीप्ति शर्मा ने 29 रन और ऋचा घोष ने 15 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से मारिजैन कप्प और शबनीम इस्माइल ने 2-2 विकेट निकाले। नॉनकुलुलेको म्लाबा, अयाबोंगा खाका और नादिन डी क्लार्क ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

19.1 ओवर में जीती साउथ अफ्रीका

इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 19.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इस टीम ने 5.4 ओवरों में कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (20) और एनेरी डर्कसेन (0) के विकेट गंवा दिए थे। ऐसा लगा कि भारत ने यहां से मैच में अपनी पकड़ बना ली है, लेकिन मारिजैन कप्प ने ताजमिन ब्रित्ज के साथ तीसरे विकेट के लिए 63 गेंदों में 97 रन जुटाते हुए मैच साउथ अफ्रीका की पक्ष में ला दिया।

ताजमिन 36 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 40 रन बनाकर आउट हुईं। 17.5 ओवर में टीम को नादिन डी क्लार्क (5) के रूप में चौथा झटका लगा, लेकिन तब तक मैच भारत के हाथों से फिसल गया था। मारिजैन कप्प 45 गेंदों में 4 छक्कों और 7 चौकों के साथ 81 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि क्लो ट्रायोन ने 4 गेंदों में नाबाद 10 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से श्री चरणी ने 24 रन देकर 3 विकेट निकाले। एक विकेट शेफाली वर्मा के हाथ लगा।