रिकॉर्ड तोड़ना है तो.., स्टार IPL खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का पोस्टर चर्चा में, बिहार ट्रैफिक पुलिस ने दिया खास मैसेज...
आईपीएल के धुंआधार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब सोशल मीडिया पर युवाओं को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। यातायात पुलिस ने वैभव की तस्वीर वाला पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो खूब वायरल हो रहा है। यातायात पुलिस की ओर से जारी पोस्टर में वैभव सूर्यवंशी की छक्का जड़ते तस्वीर के साथ लिखा है 'रिकॉर्ड तोड़ना है तो खेल मैदान में तोड़ो, सड़क पर यातायात नियम नहीं।' यातायात पुलिस की ओर से यह भी चेतावनी दी गई है कि 'स्पीड का रिकॉर्ड तोड़ा तो जा सकती है जान।'
बिहार पुलिस की ओर से इस पोस्टर को ऑफिशियल सोशल मीडिया पेज पर शेयर किया गया है। हालांकि, ट्रैफिक जागरूकता के लिए वैभव सूर्यवंशी को पुलिस की ओर से ब्रांड एंबेसडर नहीं बनाया है। उनके आईपीएल के एक सीजन में 65 छक्के के रिकॉर्ड और युवाओं में उनके बढ़ते क्रेज के कारण पोस्टर बनाए गए हैं।
पोस्ट से युवाओं को सीधे जोड़ने की पहल
बिहार पुलिस ने आईपीएल के बड़े खिलाड़ी की तस्वीर का इस्तेमाल कर युवाओं को ट्रैफिक नियम को लेकर जोड़ा है। वैभव सूर्यवंशी के फैन फॉलोइंग को देखते हुए यातायात पुलिस ने उन्हें जागरूकता अभियान का चेहरा बनाया है। पोस्टर में हेलमेट पहनने, स्पीड लिमिट में गाड़ी चलाने और सिग्नल तोड़कर ओवरटेक न करने की अपील की गई है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर ये पोस्टर तेजी से शेयर हो रहे हैं।
यूजर्स कमेंट कर पुलिस की इस पहल की तारीफ कर रहे हैं। कई युवाओं ने कमेंट किया कि अपने फेवरेट क्रिकेटर को देखकर वे अब ट्रैफिक नियम जरूर फॉलो करेंगे। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार ओवर स्पीड के कारण सड़क हादसों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। युवाओं में बाइक स्टंट और ओवरस्पीडिंग का क्रेज रोकने के लिए ही क्रिकेटर के जरिए मैसेज दिया जा रहा है।
वैभव पर क्या बोला BCCI
इधर आईपीएल 2026 में रिकॉर्ड 776 रन और पुरस्कारों की झड़ी लगाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर उन्हें तत्काल राष्ट्रीय टीम में 'एंट्री' की बहस तेज हो गई है। हालांकि बीसीसीआई ने साफ संकेत दिया है कि वह इस असाधारण प्रतिभा को जल्दबाजी में नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से आगे बढ़ाना चाहता है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि 15 वर्षीय बल्लेबाज का भविष्य बेहद उज्ज्वल है और बीसीसीआई उसे क्रिकेट के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए हरसंभव मदद करेगा।
वहीं, फाइनल मुकाबले के बाद मैदान पर मौजूद वैभव ने कहा, मैं अगले सीजन में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। मैंने सीखा है कि हर समय आक्रमण नहीं किया जा सकता। परिस्थितियों और टीम की जरूरत के हिसाब से भी खेलना पड़ता है।' बिहार का यह किशोर बल्लेबाज आईपीएल इतिहास का सबसे कम उम्र का ऑरेंज कैप विजेता बना है।