Headlines
Loading...
केमिस्ट्री में PhD, हाथ में Rado की घड़ी और 51 लाख का लोन; RJD के प्रत्याशी सुनील सिंह की 'दौलत' का कैलकुलेशन...

केमिस्ट्री में PhD, हाथ में Rado की घड़ी और 51 लाख का लोन; RJD के प्रत्याशी सुनील सिंह की 'दौलत' का कैलकुलेशन...

डिजिटल डेस्क, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रत्याशी डॉ. सुनील कुमार सिंह (Dr. Sunil Kumar Singh) ने बिहार विधान परिषद चुनाव (Bihar MLC Election) के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए उनके चुनावी हलफनामे से उनकी कुल संपत्ति, शैक्षणिक योग्यता और उन पर चल रहे मुकदमों की बड़ी बातें सामने आई हैं।

कुल संपत्ति: पत्नी के पास उम्मीदवार से ज्यादा दौलत

हलफनामे के अनुसार, डॉ. सुनील कुमार सिंह और उनकी पत्नी वंदना सिंह करोड़ों की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। दिलचस्प बात यह है कि चल संपत्ति के मामले में डॉ. सिंह से ज्यादा उनकी पत्नी समृद्ध हैं।

चल संपत्ति:डॉ. सुनील कुमार सिंह के पास कुल 6,46,43,703 रुपये की चल संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी वंदना सिंह के पास 8,95,68,697 रुपये की चल संपत्ति है।

इसके अलावा, हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) के तहत 32,20,094 रुपये की चल संपत्ति घोषित की गई है। दोनों के पास बैंक डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड और भारी मात्रा में सोना-चांदी मौजूद है।

अचल संपत्ति (बाजार मूल्य): डॉ. सिंह के नाम पर 4,41,40,000 रुपये की अचल संपत्ति (कृषि, गैर-कृषि भूमि और आवासीय भवन) है। वहीं,, उनकी पत्नी के नाम पर कुल 34,10,10,000 रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। इसके साथ ही, HUF के पास 3,75,00000 रुपये की अचल संपत्ति है।
 

गाड़ियां, आभूषण और हथियार का शौक

गाड़ियां और ज्वेलरी: डॉ. सिंह के पास एक मारुति एस्टीम और हुंडई अल्काजार कार है। उनके पास 300 ग्राम सोना और 'राडो' व 'वर्साचे' जैसी कीमती घड़ियां हैं।

वहीं, उनकी पत्नी के पास एक फोर्ड फिएस्टा और इनोवा हाईक्रॉस गाड़ी है, साथ ही उनके पास 2.5 किलोग्राम सोना (कीमत लगभग 4.25 करोड़) और 35 किलोग्राम चांदी है।

हथियार: डॉ. सिंह के पास एक डीबीबीएल गन और एक एन.पी. बोर रिवॉल्वर है, जबकि उनकी पत्नी के पास भी एक .32 बोर की रिवॉल्वर है।

कर्ज और आपराधिक मामले

डॉ. सिंह पर 51,39,814 रुपये का ऋण/दायित्व है, जबकि उनकी पत्नी पर 22,66,848 रुपये का कार लोन है।

हलफनामे में डॉ. सिंह ने खुद पर 08 लंबित आपराधिक मामलों की घोषणा की है, जिनमें आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन, धोखाधड़ी और प्रदर्शन से जुड़े मामले शामिल हैं, हालांकि किसी भी मामले में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है।

कितने पढ़े-लिखे हैं सुनील सिंह?

59 वर्षीय डॉ. सुनील कुमार सिंह मूल रूप से सारण जिले के निवासी हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता काफी मजबूत है; उन्होंने वर्ष 1988 में मगध विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र (Chemistry) में एम.एससी. की और वर्ष 2000 में वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा से पीएचडी (Ph.D.) की डिग्री हासिल की है।