Headlines
Loading...
Purple Cap Winner IPL 2026: कगिसो रबाडा ने दूसरी बार जीती पर्पल कैप, फाइनल में भुवनेश्वर कुमार से जीती बाजी...

Purple Cap Winner IPL 2026: कगिसो रबाडा ने दूसरी बार जीती पर्पल कैप, फाइनल में भुवनेश्वर कुमार से जीती बाजी...

आईपीएल 2026 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत लिया और रजत पाटीदार की टीम लगातार दूसरी बार IPL चैंपियन बन गई. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल में बेंगलुरु ने रसिख सलाम समेत तेज गेंदबाजों के बेहतरीन स्पैल और फिर विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक के दम पर खिताब जीत लिया। 

हालांकि गुजरात के खाते में जाते-जाते एक अवॉर्ड आ गया और ये अवॉर्ड मिला टीम के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा, जिन्होंने इस सीजन में सबसे ज्यादा 29 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम की. उन्होंने RCB के स्टार भुवनेश्वर कुमार को सिर्फ 1 विकेट के अंतर से हराया।

फाइनल में जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच जहां खिताब की टक्कर थी, वहीं भुवनेश्वर कुमार और कगिसो रबाडा के बीच सबसे ज्यादा विकेट लेने की रेस भी थी. रबाडा इस रेस में एक विकेट से आगे थे. इस फाइनल से पहले उन्होंने 16 मैच में 28 विकेट ले लिए थे, जबकि भुवनेश्वर 15 मैच में 27 विकेट लेकर दूसरे स्थान पर थे. ऐसे में ये रेस किसी भी गेंदबाज के पक्ष में जा सकती थी।

भुवनेश्वर कुमार ने इस मामले में पहला कदम उठाया, जब गुजरात के खिलाफ उन्होंने दमदार गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट लिया. मगर इसके दम पर वो सिर्फ रबाडा की बराबरी ही कर सके. ऐसे में अगली बारी रबाडा की थी, जिनके लिए ये मैच अच्छा नहीं रहा और शुरुआत में ही उनकी जोरदार पिटाई हुई लेकिन अपने तीसरे ओवर में उन्होंने देवदत्त पडिक्कल का विकेट लिया और इस तरह सीजन में 29वां विकेट लेकर वो भुवनेश्वर से आगे निकल गए. इस तरह 17 मैच में 29 विकेट के साथ रबाडा ने अवॉर्ड जीत लिया. उनका औसत 21.58 का रहा, जबकि इकॉनमी रेट 9.68 का रहा।

इसके साथ ही रबाडा IPL की पर्पल कैप का अवॉर्ड दो बार जीतने वाले चौथे गेंदबाज बन गए. रबाडा ने इससे पहले IPL 2020 सीजन में 30 विकेट के साथ ही ये अवॉर्ड जीता था. इस मामले में उन्होंने भुवनेश्वर कुमार, ड्वेन ब्रावो और हर्षल पटेल की बराबरी की।

(खबर अपडेट हो रही है) ।।