SL A vs IND A Final: वैभव सूर्यवंशी क्या दांबुला की पिच के चक्रव्यूह को भेद पाएंगे? कल ट्रॉफी पर कब्जा जमाने उतरेगी टीम इंडिया...
पीटीआई, दांबुला। Sri Lanka-A vs India-A Tri Nation Series Final। पिछली भिड़ंत में मिली विवादित हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से भारत-ए टीम रविवार को त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में श्रीलंका-ए का सामना करेगी। इस मुकाबले में एक बार फिर सभी की नजरें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी।
दांबुला में खेले गए पिछले लीग मैच में श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में भारत-ए को हराया था। उस मुकाबले के बाद सूर्यवंशी और श्रीलंका के विषेन हलामबागे के बीच मैदान पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। 50 ओवर के बाद मैच टाई रहने पर सुपर ओवर में श्रीलंका-ए ने 16 रन बनाए थे। जवाब में भारत-ए सिर्फ नौ रन ही बना सका था।
कुगाथस मथुलन ने की थी कमाल की गेंदबाजी
उस मुकाबले में श्रीलंका के युवा तेज गेंदबाज कुगाथस मथुलन ने सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया था। मैच समाप्त होने के बाद भी तनाव जारी रहा। हलामबागे और वनुजा सहान भारतीय बल्लेबाजों से बहस करते नजर आए। वीडियो में शेडगे को हलामबागे की ओर बल्ला दिखाते देखा गया, जिसके बाद सूर्यवंशी वापस लौटे और श्रीलंकाई खिलाड़ी से उनकी तीखी बहस हो गई।
दोनों खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसे विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने बीच-बचाव कर शांत कराया। अब देखना होगा कि दोनों टीमें उस घटना को पीछे छोड़ चुकी हैं या नहीं, लेकिन इस मुकाबले में सूर्यवंशी के स्वभाव और दांबुला की धीमी पिचों पर उनकी बल्लेबाजी पर विशेष ध्यान रहेगा।
IPL में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद दांबुला में फ्लॉप हुए वैभव सूर्यवंशी
वहीं, आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद श्रीलंका पहुंचे सूर्यवंशी को दांबुला की धीमी पिचों पर संघर्ष करना पड़ा है। उनकी स्वाभाविक आक्रामक बल्लेबाजी पर इन परिस्थितियों ने अंकुश लगाया है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने चार मैचों में 14, 44, 21 और 38 रन बनाए हैं, लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके हैं।