वैभव को चैलेंज देकर आर्चर ने किया आउट, टीम इंडिया से 13.5 ओवर में ही जीता इंग्लैंड...
टीम इंडिया, T20 की वर्ल्ड चैंपियन. पहले आयरलैंड, अब इंग्लैंड में क्लीन स्वीप की कगार पर है। पहले मैनचेस्टर, फिर बर्मिंघम अब ब्रिस्टल. टीम लगातार तीनों मैच हार गई. वो भी दो मैच में एकतरफा अंदाज में। इसके कारण न ही श्रेयस अय्यर का इंटरनेशनल कैप्टंसी डेब्यू अच्छा रहा।
न ही वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू.
पहले आयरलैंड में वैभव को मौका नहीं मिला. इंग्लैंड में मौका मिला तो बल्ला नहीं चल रहा. लगातार तीसरे मैच में वैभव अच्छी शुरुआत को बड़ी इनिंग्स में तब्दील नहीं कर सके. कारण फिर वही जोफ्रा आर्चर।
इससे पहले, बर्मिंघम में भी वैभव आर्चर का ही शिकार हुए थे. लेकिन, ब्रिस्टल में उनके खिलाफ आउट होना, उन्हें ज़्यादा खटकेगा. कारण कि मैच से पहले आर्चर ने वैभव को चैलेंज किया था. माने इस मैच में उन्होंने कह कर वैभव का विकेट ले लिया।
आर्चर ने मैच से पहले दिया था चैलेंज
मैच से पहले, वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूछने पर आर्चर ने कहा था. अभी हम दोनों बराबरी पर हैं. दरअसल, मैनचेस्टर में अपने डेब्यू मैच में वैभव ने आर्चर के ओवर में दो छक्के लगाए थे. वहीं, बर्मिंघम में उन्होंने वैभव को अपनी बाउंस और स्पीड में फंसा लिया था. ऐसे में आर्चर ने कहा था, आगे हम दोनों में वही जीतेगा, जो बेस्ट होगा।
सबकी नज़र ब्रिस्टल पर थी. लेकिन, ब्रिस्टल में भी वैभव का बल्ला आर्चर के खिलाफ खामोश ही रहा. पहले ओवर में उन्होंने आर्चर के खिलाफ 4 गेंदों में 3 रन ही बनाए. वहीं, तीसरे ओवर में भी वो सिर्फ दो रन ही जोड़ सके. इस तरह 7 गेंदों में वो महज 5 रन जोड़ सके. तीसरे ओवर में ही आर्चर ने अपनी शॉर्ट बॉल पर एक बार फिर वैभव को फंसा लिया।
वैभव बड़ा शॉट खेलना चाहते थे. लेकिन, बॉल को ठीक से कनेक्ट नहीं कर सके. बॉल मिड ऑन पर खड़े सैम करन के ऊपर खड़ी हो गई. उन्होंने आसानी से कैच लपककर वैभव की इस इनिंग्स को खत्म कर दिया। इससे पहले, दूसरे T20I में वैभव ने 14 और तीसरे T20I में 13 रन बनाए थे। वैभव इस सीरीज में अब तक 3 मैचों में महज 42 रन ही बना पाए हैं।
वैभव की जगह संजू की हो सकती है वापसी
वैभव को इस सीरीज में अब तक 3 मैचों में मौका मिल चुका है। भले ही ये उनकी डेब्यू सीरीज है, पर वो संजू सैमसन की जगह टीम में आए हैं। ऐसे में हो सकता है अंतिम T20I में क्लीन स्वीप से बचने के लिए कोच गौतम गंभीर एक बार फिर संजू का रुख कर लें।
संजू वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे। लेकिन, आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ पहले T20I में उनका बल्ला खामोश ही रहा था। उन्होंने पिछले 3 T20I में 5, 0 और 1 रन की पारी खेली थी। लेकिन, गंभीर ने चौथे T20I से पहले हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजू की सीरीज में वापसी का संकेत दिया था।
मैच में क्या हुआ?
वहीं, इस मैच की बात करें तो, टॉस जीतकर टीम इंडिया ने पहले बैटिंग की। लेकिन, बर्मिंघम की तरह यहां भी बैटर्स स्टार्ट को बड़ी इनिंग्स में कन्वर्ट नहीं कर पाए। नतीजा, कप्तान श्रेयस की 80 रनों की दमदार पारी के बावजूद टीम 158 रन तक ही पहुंच पाई। इंग्लैंड को इस टारगेट को चेज करने में महज 13.5 ओवर ही लगे। इसी के साथ टीम इंडिया ने ये सीरीज भी गंवा दिया है। टीम को 4-0 से क्लीन स्वीप बचाने के लिए 11 जुलाई को साउथैम्पटन में मैच जीतना होगा।