News
चित्रकूट: सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा 19 जुलाई को भव्य 'स्पॉन्सर डे 2026' का आयोजन, उत्तर प्रदेश के दानदाताओं का होगा विशेष सम्मान...
चित्रकूट (मध्य प्रदेश) : मानवता की सेवा और नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में देश के अग्रणी संस्थानों में शुमार 'सद्गुरु सेवा संघ' के तत्वावधान में आगामी 19 जुलाई 2026, दिन रविवार को 'स्पॉन्सर डे 2026' (Sponsor Day 2026) का एक भव्य और गरिमामयी आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम मध्य प्रदेश के चित्रकूट स्थित प्रसिद्ध सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के परिसर में आयोजित किया जाएगा। संस्थान के सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन सभी समाजसेवियों, दानदाताओं और सहयोगी संस्थाओं के प्रति कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करना है, जिन्होंने पिछले वर्षों में चिकित्सालय के सेवा कार्यों को गति देने में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है।
इस वर्ष के आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसे मुख्य रूप से 'स्पॉन्सर उत्तर प्रदेश' को समर्पित किया गया है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले वे सभी सम्मानित व्यक्ति और सामाजिक संगठन, जिन्होंने ग्रामीण व पिछड़े इलाकों में नेत्र चिकित्सा शिविरों (Eye Camps) के आयोजन और 'विज़न सेन्टर' (Vision Centres) के कुशल संचालन में अपना निरंतर वित्तीय व नैतिक सहयोग प्रदान किया है, उन्हें इस मंच से सम्मानित किया जाएगा। चिकित्सालय प्रबंधन का मानना है कि इन दानदाताओं के सतत योगदान के बिना दूर-दराज के जरूरतमंद मरीजों तक निःशुल्क और उच्च स्तरीय इलाज पहुंचाना संभव नहीं था, इसलिए उनके प्रति श्रद्धा और आभार प्रकट करने का यह एक सराहनीय जरिया है।
इस भव्य समारोह में "केसरी न्यूज 24" मीडिया नेटवर्क" के चीफ एडिटर व वरिष्ठ पत्रकार श्री अनिल केशरी जी अपने (M.D.) पत्नी संग विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की रूपरेखा और समय सारणी के अनुसार, आयोजन का शुभारंभ प्रातः 08:00 बजे होगा, जो दोपहर 01:00 बजे तक अनवरत चलेगा। इस 5 घंटे के सत्र के दौरान चिकित्सालय के सफरनामा, भावी योजनाओं और अब तक प्राप्त की गई उपलब्धियों पर प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही, उपस्थित अतिथियों और संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन और प्रेरणादायक उद्बोधन भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इस महान सेवा संस्थान की स्थापना परमपूज्य श्री रणछोड़दास जी महाराज (जानकीकुण्ड-चित्रकूट) द्वारा की गई थी। उनके द्वारा बोया गया सेवा का यह बीज आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। 'सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट' आज न केवल मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र, बल्कि पूरे देश में अंधत्व निवारण (Blindness Eradication) के मिशन में पूरी निष्ठा से जुटा हुआ है।
'स्पॉन्सर डे' जैसे आयोजन इस बात का प्रतीक हैं कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को नई रोशनी देने के इस पुनीत कार्य में आम जनता और दानदाताओं की भागीदारी कितनी मजबूत है। चिकित्सालय प्रशासन ने साथ ही वाराणसी महानगर के संस्था प्रमुख डॉ. जगदेव त्रिपाठी, और डॉ. शपथ ने सभी आमंत्रित अतिथियों से समय पर पहुंचकर इस समारोह की शोभा बढ़ाने की अपील की है।