''पहले थोड़ा फायदा देकर लाखों ₹ किया साफ" हाई-टेक कॉल सेंटर पर आधी रात छापा, 21 युवतियों सहित 32 दबोचे गये...
वाराणसी क्राइम न्यूज। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में साइबर ठगी के आरोप में पुलिस और साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बीते गुरुवार देर रात भेलूपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथ नगर कॉलोनी, महमूरगंज स्थित शाही टावर में संचालित एक ट्रेडिंग कॉल सेंटर पर छापा मारा। इस दौरान मौके से 21 युवतियों समेत 32 लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोप है कि निवेश, डिजिटल मार्केटिंग, ऑनलाइन ट्रेडिंग तथा ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर लोगों को अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई लैपटॉप, मोबाइल फोन तथा अन्य दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि लोगों को निवेश के लिए किस प्रकार प्रेरित किया जाता था तथा कथित ठगी का पूरा तरीका क्या था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में किसकी क्या भूमिका थी और कॉलिंग का संचालन किन लोगों द्वारा किया जा रहा था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पहले निवेशकों को मामूली लाभ देकर उनका विश्वास जीता जाता था और बाद में उनसे बड़ी रकम निवेश कराने का प्रयास किया जाता था। पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए लोग धन के लेनदेन के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस उनके बैंक खातों तथा डिजिटल लेनदेन की भी गहन जांच कर रही है।