23 छक्के और 13 चौके...55 गेंदों पर जड़े 206 रन, इस खूंखार बल्लेबाज ने T20 में ठोका दोहरा शतक, स्कोर 417रन/2विकेट, कई रिकॉर्ड बने...
हैरतअंगेज कारनामा क्रिकेट न्यूज। इंग्लैंड में एक क्लब क्रिकेट मैच के दौरान रनों और छक्कों का तूफान देखने को मिला है. इंग्लैंड की धरती पर वारिथा चेल्टनहैम प्रीमियर T20 लीग में डंबलटन क्रिकेट क्लब की टीम ने हैथरली और रेडिंग्स क्रिकेट क्लब के खिलाफ एक मैच में 20 ओवर में 417 रन का विशाल स्कोर बनाया। इस दौरान डंबलटन क्रिकेट क्लब के एक बल्लेबाज ने सिर्फ 54 गेंदों पर दोहरा शतक ठोक दिया।
इस खूंखार बल्लेबाज ने अपनी पारी में 23 छक्के और 13 चौके उड़ाए. यह क्रिकेट मैच एक वीडियो गेम जैसा लग रहा था. डंबलटन क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 417 रन का स्कोर खड़ा कर दिया. इस दौरान 22 चौके और 47 छक्के लगे।
इस खूंखार बल्लेबाज ने T20 में ठोका दोहरा शतक
ओपनिंग बल्लेबाज थॉमस केली और इवान गेग ने डंबलटन क्रिकेट क्लब को एक शानदार शुरुआत दिलाई और 6.1 ओवर में 112 रन की पार्टनरशिप की. थॉमस केली ने 25 गेंदों पर 64 रन बनाए. इसके बाद इवान गेग ने मोर्चा संभाला और सिर्फ 54 गेंदों पर दोहरा शतक ठोक दिया. इवान गेग 55 गेंद पर 206 रन बनाकर नाबाद रहे. इवान गेग की पारी में 13 चौके और 23 छक्के शामिल थे।
टीम को 400 रन के पार पहुंचाया
सातवें ओवर में बल्लेबाजी करने आए डैन हॉलैंड ने 37 गेंदों पर 122 रन बनाकर डंबलटन क्रिकेट क्लब का स्कोर आगे बढ़ाने में मदद की. डैन हॉलैंड ने 4 चौके और 16 छक्के लगाए. इवान गेग और डैन हॉलैंड ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 59 गेंदों में 211 रन जोड़े. डैन हॉलैंड के आउट होने के बाद भी डंबलटन क्रिकेट क्लब 400 रन से पीछे था. इसके बाद इवान गेग ने आखिरी ओवरों में कमान संभाली और आखिरी 24 में से 19 गेंदों का सामना करते हुए अपनी टीम को 400 रन के पार पहुंचाया।
417 रनों में से 370 रन बाउंड्री से बनाए
डंबलटन क्रिकेट क्लब ने अपने 417 रनों में से 370 रन बाउंड्री से बनाए, जिसमें 22 चौके और 47 छक्के शामिल थे. 418 रनों का पीछा करते हुए हैथरली और रेडिंग्स क्रिकेट क्लब को शुरुआत से ही आक्रामक खेलना पड़ा, क्योंकि जरूरी रन रेट पहले से ही 20 रन प्रति ओवर से ऊपर था. टारगेट का पीछा करते हुए हैथरली और रेडिंग्स क्रिकेट क्लब की टीम 229 रन पर ऑलआउट हो गई।
188 रनों से हासिल की जीत
हैथरली और रेडिंग्स क्रिकेट क्लब के लिए हैरी ब्लूमफील्ड ने 48 गेंदों पर 109 रन बनाए, जिसमें छह चौके और 12 छक्के शामिल थे. इस टीम ने 19 छक्के लगाए, जिससे मैच में कुल छक्कों की संख्या 66 हो गई. दोहरा शतक लगाने वाले इवान गेग ने मैच का आखिरी विकेट लिया और डंबलटन क्रिकेट क्लब ने 188 रनों से जीत हासिल की।