Headlines
Loading...
गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलीपार गोरखपुर निवासी बाइक सवार तीन युवक गिरे, गर्दन कटने से चालक की हालत गंभीर...

गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलीपार गोरखपुर निवासी बाइक सवार तीन युवक गिरे, गर्दन कटने से चालक की हालत गंभीर...

बेलीपार, (गोरखपुर)। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की सुबह एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की गर्दन संदिग्ध परिस्थिति में कट गई और सिर में भी गंभीर चोट आई। वह लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पने लगा, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आईं।

गंभीर रूप से घायल युवक को एनएचएआइ की एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं गर्दन कटने के कारणों की जानने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।

यह हादसा बेलीपार थाना क्षेत्र के डवरपार चौराहे का है। पुलिस के अनुसार, बांसगांव थाना क्षेत्र के तियर गांव निवासी 28 वर्षीय बाबूलाल यादव पुत्र हरेंद्र यादव, 18 वर्षीय अमन यादव पुत्र होशीला यादव तथा 29 वर्षीय विकास यादव पुत्र सिंहासन यादव पल्सर (यूपी 53 ईजेड 3261) से गोरखपुर से अपने गांव लौट रहे थे। सुबह 11:30 बजे डवरपार चौराहे के पास पहुंचते ही बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। 

हादसे में चालक बाबूलाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, उनकी गर्दन कट गई। जबकि अमन और विकास को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एनएचएआइ की एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने पर तड़प रहे बाबूलाल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इस दौरान वहां जुटी भीड़ इस बात की चर्चा करती रही कि बाइक चालक की गर्दन कैसे कटी।

जबकि मौके पर ऐसा कोई तार, पतंग का मांझा या अन्य वस्तु नहीं मिली, जिससे गर्दन कटने का स्पष्ट कारण सामने आ सके। बाइक पर पीछे बैठे दोनों युवक भी गर्दन कटने को लेकर अनभिज्ञता प्रकट किए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की दोनों ने बताया कि डिसब्रेक मारने के बाद बाइक अनियंत्रित हुई और तीनों बाइक समेत गिर गए। लेकिन, गर्दन कैसे कटी उन्हें नहीं मालूम। इसके अलावा पुलिस की जांच में बाइक पर भी कोई खरोच नहीं मिला है।

एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि घायल का उपचार मेडिकल कालेज में चल रहा है। परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए है। बाइक को कब्जे में लेकर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज देखे जा रहे है। गर्दन कटने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। बाइक पर पीछे बैठे दोनों युवकों से भी पूछताछ की गई है। घायल पक्ष से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।